समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए एग्रीस्टैक अनिवार्य

कोंडागांव| खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने और शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से समय रहते पंजीयन एवं आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार पंजीयन के लिए किसानों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड तथा भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटस्थ प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति या अधिकृत पंजीयन केंद्र में संपर्क करना होगा। जिन किसानों का पहले से पंजीयन है, उन्हें भी अपने रकबे, फसल और अन्य विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कराना होगा। विभाग ने बताया कि नवीन किसान, बंटाईदार, वनाधिकार पट्टाधारी तथा अन्य पात्र कृषक भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एग्रीस्टैक पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के दौरान बैंक खाता, आधार और अन्य जानकारियां अद्यतन होना आवश्यक है। धान विक्रय के समय आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य रहेगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि एग्रीस्टैक से जुड़ने पर किसानों को भविष्य में डिजिटल कृषि सेवाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
Source link




