कोरबा में मिठाई दुकान के टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल, खाद्य विभाग ने जांच के दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ के कोरबा में मिठाई और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन बाथरूम के फर्श पर धोए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक ग्राहक ने बनाया था। मामला निहारिका स्थित प्रसिद्ध न्यू दिल्ली स्वीट्स का है। वीडियो में कर्मचारी बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने न्यू दिल्ली स्वीट्स में बर्तन बाथरूम के फर्श पर धोते हुए देखा। उसने फौरन इसका वीडियो बना लिया। ग्राहक ने कर्मचारियों से इस बारे में पूछताछ भी की। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ तकनीकी परेशानी के कारण इमरजेंसी में वहां बर्तन धुलवाए जा रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने शहर के अन्य होटल और स्वीट्स दुकानों की भी जांच कराने की मांग की है। इसके बाद खाद्य विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वीडियो के आधार पर दुकान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। मौके पर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। बाथरूम जैसी जगह पर बर्तन धोना नियमों के खिलाफ है। विभाग की जांच टीम जल्द ही दुकान का निरीक्षण करेगी।
बता दें कि इससे पहले सक्ती जिले में भी ऐसा मामला सामने आ चुका है। यहां हरेठी स्थित पापा ढाबे के जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ढाबे का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया था। खाना खाने आए ग्राहक ने वीडियो बनाया था, जो वायरल होने के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई हुई।




