राशन कार्ड ले कर कलेक्टर कार्यालय पहुँचे ग्रामीण

जशपुरनगर (द ब्लेज ई न्यूज)। तीन माह के राशन वितरण के दौरान ई पास मशीन में अंगूठा लगवा कर एक माह का राशन गबन करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि पीडीएस दुकान संचालक ने एक माह के राशन का गबन किया है। वहीं पीडीएस दुकान संचालक संदीप भगत का दावा है कि पंचायत को निर्धारित कोटे से 20 क्विंटल कम राशन की आपूर्ति की गई है। जब उसे राशन मिला ही नहीं तो घोटाले का सवाल ही नहीं है। यह दिलचस्प मामला जनपद पंचायत जशपुर अंर्तगत ग्राम पंचायत पोड़ी का है। इस पंचायत से मंगलवार को करीब डेढ़ सौ ग्रामीण एकजुट हो कर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे थे।

कलेक्टर को सौपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया है कि अप्रैल माह में एक साथ तीन माह अप्रैल,मई और जून का राशन,पंचायत द्वारा संचालित किये जाने वाले राशन दुकान को मिला था। अप्रैल माह में जब वे राशन लेने पहुंचे तो महिला सरपंच और उसके पति ने तीन माह का राशन देने की बात कहते हुए ई पास मशीन में छह बार अंगूठा से पंच लगवाया लिया लेकिन राशन दो माह का मई और जून का ही दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूछे जाने पर सरपंच और उसके पति ने जून और जुलाई माह का राशन एक साथ देने का आश्वासन दिया था। लेकिन जब वे जुलाई माह में राशन लेने गए तो सरपंच ने सिर्फ एक माह जुलाई का ही राशन दिया और जून माह का राशन अप्रैल में ही वितरीत कर दिये जाने की बात कहते हुए,दो माह का राशन देने से साफ इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच के इस रवैये से स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत पोड़ी में सरपंच पर एक माह का राशन गबन करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि कार्रवाई ना होने पर वे सड़क पर उतर कर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगें।
‘‘पंचायत को 20 क्विंटल राशन,निर्धारित कोटा से कम मिला था। इसलिए एक माह का राशन वितरण नहीं हो सका। कम राशन मिलने का रसीद भी मेरे पास है।’’
संदीप भगत,संचालक,पीडीएस दुकान,पोड़ी।




