रायपुर में गाड़ी चुराने वाले तीन चोर गिरफ्तार…VIDEO:9 दोपहिया बरामद, ओडिशा में बेचते थे चोरी की गाड़ियां;गाड़ी बेचने के दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार

![]()
राजधानी में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 9 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं। इनकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर निवासी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू और ओडिशा निवासी सूजल मेहेर उर्फ करण शामिल हैं। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। ऑटो डील दुकान में एक्टिवा बेचने पहुंचा, पकड़ा गया पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज एक्टिवा बेचने पहुंचा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर टोपेश्वर साहू को पकड़ा। दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने रायपुर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करने की बात कबूल की। रायपुर से चोरी, ओडिशा में बेचते थे पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की गाड़ियां वह अपने ओडिशा निवासी साथियों को देता था। इसके बाद तीनों मिलकर वाहनों को ओडिशा में बेच देते थे। पुलिस टीम ने ओडिशा के भालूमुंडा क्षेत्र में दबिश देकर सूजल मेहेर और विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर 9 वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुछ वाहनों पर पहचान छिपाने के लिए ओडिशा की फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी थी। बरामद वाहनों में 7 एक्टिवा, एक स्प्लेंडर और एक बजाज SS शामिल है। होटल में काम के दौरान हुई थी मुलाकात जांच में सामने आया कि टोपेश्वर की मुलाकात सूजल और नाबालिग से रायपुर के एक होटल में वेटर की नौकरी के दौरान हुई थी। नौकरी छोड़ने के बाद तीनों ने वाहन चोरी शुरू कर दी। टोपेश्वर पहले भी 2023 में 10 दोपहिया चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Source link




