आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने चित्रकला में उकेरी विकसित भारत की तस्वीर, विधायक अमर अग्रवाल ने बढ़ाया उत्साह

बिलासपुर के मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल, दयालबंद में ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन में स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने चित्रकला के जरिए विकसित भारत की आकर्षक तस्वीरें बनाईं। उनकी इन रचनाओं में विकसित भारत के प्रति उनकी सोच और कल्पना झलकती रही।
कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और विचारों की सराहना की।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और विचारों से विश्वास होता है कि 2047 के विकसित भारत का सपना इन्हीं बच्चों और युवाओं के हाथों साकार होगा। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और योग को मिली वैश्विक पहचान का भी जिक्र किया।
अग्रवाल ने कहा कि ‘सेवा से संकल्प’ अभियान विकसित भारत की उस सोच को पूरा करने का संकल्प है, जो देश की आजादी के 100वें साल 2047 में सामने आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक संकल्प है। इसकी सबसे मजबूत नींव देश के बच्चे और युवा हैं।




