Korba Liquor Shop Clash | Youth Attacked With Bottle; CCTV Footage Viral

लाइन को लेकर विवाद: युवक के सिर पर बोतल से हमला
कोरबा के रामपुर स्थित देसी शराब दुकान में शराब लेने की लाइन को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर शराब की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
.
सिविल लाइन सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुराना काशी नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव (23) ने घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 29 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे वह रामपुर देसी शराब दुकान में शराब लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान शराब लेकर बाहर निकल रहे एक व्यक्ति से गलती से उसका पैर दब गया।

बोतल से किया हमला, सिर और होंठ पर गंभीर चोट
प्रमोद ने जब आरोपी से संभलकर चलने और पैर में चोट लगने की बात कही तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में पकड़ी शराब की बोतल प्रमोद के सिर पर दे मारी। हमले में प्रमोद के सिर और बाएं होंठ के पास गंभीर चोटें आईं।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना के समय महेश्वर यादव सहित कई लोग मौके पर मौजूद थे। घायल युवक ने देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी ने बताया कि दुकान और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने की संयम बरतने की अपील
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी विवाद या मारपीट की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




