भालू ने रेस्क्यू के बाद 3 लोगों पर किया हमला:जनकपुर के च्यूल गांव में बच्चा और दो महिलाएं घायल, भालू रिहायशी इलाके में घुसा

![]()
एमसीबी जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम च्यूल में शनिवार को कुएं से रेस्क्यू किए गए एक जंगली भालू ने 3 लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं। वन विभाग की टीम ने भालू को सुरक्षित बाहर निकाला था, लेकिन वह बेकाबू होकर रिहायशी इलाके में घुस गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर के कुएं में एक जंगली भालू गिर गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और भालू को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम ने कुएं में सीढ़ी डालकर भालू को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, बाहर आते ही भालू अचानक बेकाबू हो गया और गांव की ओर दौड़ पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। भालू रिहायशी इलाके में घुसा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। भालू ने पहले दीवार पार कर जंगल की ओर जाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर वह रिहायशी क्षेत्र की ओर मुड़ गया। उसने एक घर का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को पहले ही घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई थी। कुछ ग्रामीणों ने यह सोचकर दरवाजे खोल दिए कि भालू गांव से बाहर निकल गया है, इसी दौरान भालू आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया और सामने आए लोगों पर हमला कर दिया। 10 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि हमले में प्रदीप सिंह (14) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। मुन्नी बाई (50) और बाल कुमारी (65) को हल्की चोटें आईं, जिनका इलाज कर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वन विभाग ने घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की।
Source link




