बीजापुर में भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी:विधायक ने कलेक्टर को लिखा था पत्र, क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर

![]()
बीजापुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच विधायक विक्रम मंडावी ने स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखकर सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की। प्रशासन ने मौसम और मौजूदा परिस्थितियों के आंकलन के बाद स्कूलों में छुट्टी को मंजूरी दे दी है। विधायक विक्रम मंडावी ने अपने पत्र में कहा है कि जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और सड़क संपर्क बाधित होने से विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने छात्रहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था। कलेक्टर बोले- हालात देखकर होगा फैसला बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने बताया कि जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीएम और तहसीलदारों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि विधायक विक्रम मंडावी का अवकाश संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बारिश की स्थिति और जमीनी हालात का आंकलन करने के बाद ही स्कूलों में छुट्टी को लेकर अंतिम निर्णय लिया गया।
Source link




