कोरी-डैम में बोटिंग के दौरान हादसा हुआ,तो ऐसे बचाएंगे जान:SDRF-होमगार्ड ने किया मॉक रेस्क्यू, बाढ़ में फंसे व्यक्ति को निकालने का अभ्यास

![]()
बिलासपुर जिले के कोरी डैम में अचानक जलस्तर बढ़ने या बोटिंग के दौरान किसी हादसे की स्थिति से निपटने के लिए SDRF और होमगार्ड की टीम ने मॉक रेस्क्यू ऑपरेशन किया। डैम के पानी में बोट चलाकर जवानों ने उसी तरह बचाव का अभ्यास किया, जैसा वास्तविक हादसे के समय किया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास में राहत और बचाव दल ने अपनी तैयारी परखी। इस दौरान सूचना मिलने से लेकर मौके पर पहुंचने, स्थिति समझने और पानी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। बाढ़ में फंसे व्यक्ति को निकालने का किया अभ्यास मॉक एक्सरसाइज में आपदा जैसी स्थिति बनाई गई। इसके बाद SDRF और होमगार्ड के जवानों ने बोट के जरिए घटनास्थल तक पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने रेस्क्यू उपकरणों का इस्तेमाल कर पानी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। इस दौरान यह भी देखा गया कि आपात स्थिति में टीम कितनी जल्दी मौके पर पहुंच सकती है और उपलब्ध संसाधनों का कितनी प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। रेस्क्यू उपकरणों की लगाई प्रदर्शनी अभ्यास के दौरान आपदा प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कलेक्टर और एसएसपी ने उपकरणों का निरीक्षण किया और उनके इस्तेमाल की जानकारी ली। कलेक्टर बोले- बेहतर तालमेल से बचाई जा सकती है जान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आपदा के समय समय पर कार्रवाई और टीमों के बीच बेहतर तालमेल सबसे जरूरी है। प्रशासन, पुलिस, SDRF, होमगार्ड और स्थानीय अमले के बीच समन्वय मजबूत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मॉक एक्सरसाइज से वास्तविक हादसे के दौरान आने वाली परेशानियों को पहले ही समझने और तैयारियों को बेहतर करने में मदद मिलती है। एसएसपी ने जवानों को सतर्क रहने के दिए निर्देश एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बाढ़ या किसी भी आपदा के समय पुलिस और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण होती है। नियमित अभ्यास से जवानों को मुश्किल परिस्थितियों में काम करने का अनुभव मिलता है। उन्होंने जवानों से आपदा के दौरान धैर्य, सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू करने के निर्देश दिए। मॉक एक्सरसाइज में अपर कलेक्टर ज्योति पटेल, एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, होमगार्ड डीआईजी एलपी वर्मा, डिवीजनल कमांडेंट नरसिंह नेताम, एसडीएम प्रवेश पैकरा, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एवं SDRF प्रभारी दीपांकुर नाथ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और रेस्क्यू टीम के जवान मौजूद रहे।
Source link




