बिजली-बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:कवर्धा में बिजली मीटर लेकर पहुंचे ग्रामीण, कार्यालय में फेंके

![]()
कवर्धा जिले के पंडरिया ब्लॉक में कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को पंडातराई विद्युत कार्यालय के सामने बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों के बिजली मीटर लेकर पहुंचे। विरोध जताते हुए उन्होंने कई मीटर विद्युत कार्यालय परिसर में फेंक दिए। इसके बाद राज्यपाल के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दर्ज होने के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जबकि किसी प्रकार की राहत नहीं मिल रही। गलत बिल रद्द कर नए बिल जारी करने की मांग ज्ञापन में मांग की गई है कि स्मार्ट मीटर से जारी गलत और अधिक बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें निरस्त किया जाए। साथ ही वास्तविक खपत के आधार पर नए बिल जारी किए जाएं। जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और पहले से लगे मीटरों की तकनीकी जांच कराने की भी मांग उठाई गई। बिजली दर वृद्धि वापस लेने सहित छह मांगें कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में बिजली बिलों में की गई दर वृद्धि वापस लेने, जर्जर तार, पोल और ट्रांसफार्मर बदलने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने, फाल्ट होने पर त्वरित मरम्मत व्यवस्था सुनिश्चित करने और बिना सूचना के बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज यह ज्ञापन सहायक अभियंता, सीएसपीडीसीएल वितरण केंद्र के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे क्षेत्र में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल रहे।
Source link




