टॉप न्यूज़

मैनपाट में बहे केरल के युवक का शव बरामद:बाइक सहित उफनती नदी में समा गये थे बाइक सवार युवक-युवती, युवती बचाई गई




सरगुजा के मैनपाट में बीती शाम बाइक सहित घुनघुट्टा नदी में बहे युवक का शव रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है। युवक का शव करीब तीन किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। युवक-युवती मैनपाट घूमने आये थे। युवक-युवती उफनती घुनघुट्टा नदी के पुल को पार करने के दौरान बाइक सहित बह गये थे। युवती को स्थानीय युवक ने रस्सी फेंककर किसी तरह बचा लिया था, वहीं युवक डूब गया था। मृत युवक केरल का निवासी है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर से मैनपाट घूमने आए थे। इनमें गौरी नंदन रायपुर NIIT की छात्रा है। वे ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे और अंबिकापुर से रेंट पर बाइक लेकर मैनपाट घूमने गये थे। शाम करीब 5.30 बजे वे कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। स्थानीय युवक ने युवती को बचाया यदु कृष्ण ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की। घुनघुट्टा नदी के पुल के उपर करीब ढाई फुट पानी बह रहा था। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बाइक समेत नदी में समा गए। बहते समय दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया। नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान घर से रस्सी लेकर नदी की ओर दौड़ा। गौरी नंदन तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। उसे बचाने के लिए समशुद्दीन ने नदी के बहने की दिशा में दौड़ लगाकर कई बार रस्सी फेंकी। समशुद्दीन ने करीब एक किलोमीटर दूर गौरी नंदन को रस्सी से खींचकर बाहर निकाल लिया था। रविवार सुबह नदी में तैरता मिला युवक का शव घटना की सूचना पर पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम के स्थानीय लोग युवक की तलाश में लगे थे। शनिवार देर शाम तक उसकी तलाश की गई। पानी का तेज बहाव होने और अंधेरा हो जाने के कारण युवक का पता नहीं चला। टीम ने रेस्क्यू अभियान रोक दिया था। रविवार को सुबह युवक की तलाश के लिए पुलिस व एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय युवकों ने फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर युवक यदुकृष्ण के शव को स्थानीय युवकों ने देखा और सूचना पुलिस टीम को दी। एसडीआरएफ टीम ने नदी से शव को बाहर निकाला। युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक यदुकृष्ण्ण रायपुर में रहकर नौकरी करता था। युवक के परिजनों को घटना की सूचना भेज दी गई है। सरगुजा में नदी नाले-उफान पर सरगुजा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई है। इसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मैनपाट में शनिवार को कई घंटे तक झमाझम बारिश हुई थी इससे घुनघुट्टा नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा था। पहाड़ी नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक-युवती संभल नहीं सके और बाइक सहित बह गए। जिले में रविवार को भी हुई बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button