15 वें वित्त-आयोग के राशि के कार्यों में मिली गड़बड़ी:नायकबांधा की तत्कालीन पंचायत सचिव निलंबित, सीसी रोड-नाली निर्माण की हुई थी शिकायत

![]()
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायत पर रायपुर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभनपुर जनपद की ग्राम पंचायत नायकबांधा की तत्कालीन पंचायत सचिव विजयलक्ष्मी तारक को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम पंचायत नायकबांधा में 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए सीसी रोड और नाली निर्माण के चार कार्यों में अनियमितता हुई है। शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज कराई गई थी।
पंचायत सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई जिला प्रशासन ने शिकायत की जांच कराई। जांच प्रतिवेदन में अनियमितता सामने आने के बाद पंचायत सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। इसके आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा एक्ट में एक्शन यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के नियम-4 के तहत की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत अभनपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिलने वाली शिकायतों का समय पर निराकरण प्राथमिकता है। सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link




