निर्माणाधीन सड़क पर दर्दनाक हादसा:फिसलकर गिरी बाइक, पीछे से आई बस ने युवक को कुचला; एक साल पहले हुई थी शादी

![]()
दुर्ग में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पुलगांव से महाराज चौक के बीच निर्माणाधीन सड़क पर हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर फिसलन होने की वजह से बाइक सवार दो युवक अचानक गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात बस ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। बस के नीचे कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हुआ है। मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है। वह एक ट्रैवल कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलगांव से महाराज चौक के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा है। सड़क पर गिट्टी और मिट्टी होने से काफी फिसलन थी। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रही बस का चालक वाहन नहीं रोक सका और एक युवक बस के नीचे आ गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवक का प्राथमिक इलाज कराया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। इस हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फिसलन होने के कारण पहले भी कई छोटे हादसे हो चुके हैं। लोगों ने निर्माण एजेंसी से सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलगांव थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link




