अंतरराज्यीय अवैध डीजल तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार:यूपी से सस्ता डीजल मंगाकर छत्तीसगढ़ में बेचता था, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सनावल पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध डीजल तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान मो. जाफर हुसैन (23), निवासी ग्राम बरवाही, थाना सनावल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर डीजल मंगाकर छत्तीसगढ़ में अधिक दाम पर बेचने के अवैध कारोबार में शामिल था। 2025 में 540 लीटर अवैध डीजल के साथ पकड़ी गई थी बोलेरो पुलिस के मुताबिक, यह मामला थाना सनावल में अपराध क्रमांक 56/2025 के तहत बीएनएस की धारा 287, 3(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत दर्ज है। 22 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सागोबांध क्षेत्र से बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में डीजल जारकिनों में भरकर त्रिशूली-पचावल मार्ग से तस्करी की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में ग्राम पचावल पुलिया के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान बोलेरो (UP-70 BE-3092) की तलाशी में 18 प्लास्टिक जारकिनों में भरे 540 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया। मौके से नीरज कुमार और संदीप कुमार, दोनों निवासी सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सामने आया था स्थानीय नेटवर्क गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वे उत्तर प्रदेश के खड़िया क्षेत्र से अवैध डीजल लाकर बरवाही निवासी मो. जाफर हुसैन और नुरानी मियां को महीने में दो बार सप्लाई करते थे। इसके बाद इस डीजल को स्थानीय स्तर पर अधिक कीमत पर बेचा जाता था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले नुरानी मियां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जबकि मो. जाफर हुसैन फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर दबोचा, अपराध किया स्वीकार पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मो. जाफर हुसैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दूसरे राज्य से कम कीमत पर डीजल और पेट्रोल मंगाकर स्थानीय बाजार में अधिक दाम पर बेचता था। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Source link




