मटनार हिल्स पर पर्यटकों की भीड़ से गांव की अर्थव्यवस्था को मिला बूस्ट, ग्रामीणों को रोजगार

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित मटनार गांव की पहाड़ियां, जिन्हें अब मटनार हिल्स के नाम से जाना जाता है, पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बनकर उभरी हैं। सुबह के लगभग 6 बजे का समय होता है, जब चारों ओर पहाड़ियां, उन पर छाए बादल और नीचे फैला घना कोहरा एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करते हैं। कुछ ही देर में सूरज की पहली किरणें दिखाई देती हैं, ऐसा प्रतीत होता है मानो सूरज बिल्कुल सामने और बेहद करीब से निकल रहा हो। बादलों के बीच खड़े होकर इस नजारे को देखना किसी खूबसूरत सपने जैसा अनुभव कराता है, जो अब तक किसी दूसरे प्रदेश के हिल स्टेशन का नजारा लगता था, लेकिन अब यह छत्तीसगढ़ की अपनी पहचान बन रहा है।
मटनार हिल्स की सबसे खास बात यहां का सुबह का नजारा है, जो पर्यटकों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। ठंड के दिनों में सुबह करीब 5 बजे से 8-9 बजे तक यहां कोहरे और बादलों की एक खूबसूरत परत दिखाई देती है। पहाड़ियों के आसपास फैले बादल इतने करीब नजर आते हैं कि उन्हें छूने का एहसास होता है। जैसे-जैसे सूरज निकलता है, पहाड़ियों और बादलों के बीच रंगों का बदलता हुआ नजारा दिखाई देता है, जो एक अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य प्रस्तुत करता है। युवा हों या बुजुर्ग, हर कोई इस प्राकृतिक नजारे को देखने और अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्साहित रहता है।
कभी गुमनाम रहने वाली ये पहाड़ियां पिछले एक से डेढ़ महीने में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो के कारण पर्यटकों से गुलजार हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पर मिली इस नई पहचान के बाद मटनार हिल्स की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। अब हर सुबह यहां सूर्योदय देखने के लिए आसपास के इलाकों के अलावा अन्य प्रदेशों से भी लोग पहुंच रहे हैं। बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव खत्म होने और इलाके में बदले माहौल के बीच ऐसे कई अनदेखे स्थान सामने आने लगे हैं, और मटनार हिल्स इसका एक प्रमुख उदाहरण बन रहा है।
मटनार हिल्स तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को ज्यादा परेशानी नहीं होती है। बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर ये हिल्स स्थित हैं। जगदलपुर से चित्रकोट रोड की ओर जाते हुए मटनार गांव पहुंचा जा सकता है। गांव में पहाड़ियों तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों ने रास्ते में तीर के निशान बनाए हैं, जिनकी मदद से पर्यटक आगे का रास्ता आसानी से पहचान सकते हैं। गांव से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक कच्चा रास्ता तय करना पड़ता है, जो बाइक के साथ-साथ कार से भी पहुंचा जा सकता है।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर अब गांव की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पहाड़ियों के नजदीक दो से तीन चाय की टपरियां शुरू हो गई हैं, जहां सुबह-सुबह पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए चाय और नाश्ते का इंतजाम रहता है। पर्यटक यहां कुछ समय बिताते हैं, चाय-नाश्ता करते हैं और फिर पहाड़ियों का नजारा देखने निकल जाते हैं। इसके अतिरिक्त, बाइक से आने वाले पर्यटकों से 20 रुपए और कार से आने वालों से 50 रुपए पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।
इस व्यवस्था से पर्यटकों के वाहनों को व्यवस्थित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों के लिए आमदनी का जरिया भी तैयार हुआ है। मटनार गांव के ग्रामीण बुलकु ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गांव के सरपंच ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर एक समिति बनाने का सुझाव दिया। इसके बाद बैठक आयोजित कर समिति का गठन किया गया, जिसमें गांव के ही ग्रामीण सदस्य हैं। यह समिति पर्यटकों की आवाजाही और व्यवस्था संभाल रही है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यहां दो अलग-अलग स्थानों पर नाके बनाए गए हैं, जहां सुबह 5 बजे से ड्यूटी शुरू हो जाती है और जरूरत के मुताबिक ग्रामीण दिनभर भी तैनात रहते हैं।
मटनार हिल्स पहुंचीं तिलोतमा खरत ने बताया कि वे पहले भी इस पहाड़ी पर घूमने आती थीं, लेकिन पिछले तीन-चार महीनों में यहां पर्यटकों की भीड़ काफी बढ़ गई है। तिलोतमा के अनुसार, ओडिशा समेत कई दूसरे इलाकों से भी पर्यटक यहां घूमने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी यह जगह इतनी ही खूबसूरत थी, लेकिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। मालगांव से पहुंचे पवन दूसरी बार यहां आए हैं, उनका कहना है कि पहली बार वे दशहरे के समय यहां पहुंचे थे। वहीं, आशीष पहली बार इस पहाड़ी को देखने पहुंचे हैं और उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर रील देखने के बाद उन्हें इस जगह के बारे में पता चला। पोटानार के रहने वाले विक्की ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव खत्म होने के बाद अब दूसरे प्रदेशों से भी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, और झारखंड से भी लोग इस पहाड़ी को देखने आए थे।
हालांकि, दैनिक भास्कर की टीम ने जब सुबह यहां पहुंचकर स्थिति देखी तो बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। कई लोग खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद कर रहे थे, लेकिन इस दौरान कुछ पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालते भी नजर आए। रील बनाने के लिए अपनी जान से खिलवाड़ करते दिखे, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह स्थिति पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।
मटनार हिल्स की लोकप्रियता ने बस्तर में नए पर्यटन स्थल विकसित होने की संभावनाएं दिखाई हैं। ग्रामीणों की पहल से पार्किंग और चाय-नाश्ते जैसी सुविधाएं शुरू हुई हैं, लेकिन अब इस जगह को सुरक्षित और व्यवस्थित पर्यटन स्थल बनाने की जरूरत है। पहाड़ियों के खतरनाक किनारों पर सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड, निर्धारित फोटो पॉइंट और निगरानी की व्यवस्था जरूरी है। जिस जगह की खूबसूरती देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं, वहां पर्यटकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मटनार हिल्स बस्तर के पर्यटन की नई पहचान बन सकता है, बशर्ते इसकी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।




