लोरमी में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा:फूलों की वर्षा के बीच मौसी मंदिर पहुंचे; सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल

![]()
मुंगेली जिले के लोरमी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। शिवघाट स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथ को खींचकर यात्रा पूरी की। प्राचीन परंपरा के अनुसार, रथयात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को रथ पर विराजमान कर मौसी के घर के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में लोरमी महंत विवेकगिरि महाराज और राजपरिवार के सदस्यों ने पूजा में भाग लिया। फूलों की वर्षा के बीच मौसी मंदिर पहुंचे भगवान रथयात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं ने झाड़ू लगाकर रास्ता साफ किया और फिर रथों को खींचते हुए भगवान की मौसी के घर तक पहुंचाया। यह यात्रा लोरमी के राजाबाड़ा चौक से होते हुए हटरी चौक, मुंगेली चौक और पुराना बस स्टैंड से गुजरकर वापस शिवघाट पहुंची। इस दौरान पूरे नगर में जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई। सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल लोरमी के शिवघाट स्थित जगन्नाथ मंदिर का इतिहास लगभग 106 वर्ष पुराना है और यहां सालों से रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी भगवान की एक झलक पाने के लिए हजारों भक्त सड़क पर मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
Source link




