VSK-APP से वेतन कटौती को टीचर्स एसोएिशन ने कहा अन्यायपूर्ण:कहा-सरगुजा के दर्जनों गांवों में मोबाइल नेटवर्क नहीं, बारिश में स्कूल पहुंचना भी दूभर

![]()
छत्तीसगढ़ डीपीआई द्वारा VSK ऐप में दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन आहरण एवं कम उपस्थिति पर वेतन कटौती के निर्देश को टीचर्स एसोसिएशन ने अन्यायपूर्ण बताया है। टीचर्स एसोसिएशन ने कहा है कि सरगुजा के दर्जनों गांवों में मोबाइल नेटवर्क नहीं है। बारिश के दिनों में कई गांवों तक पहुंचना भी मुश्किल है। यह निर्णय अन्यायपूर्ण और अव्यावहारिक है। टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि सरगुजा जिले सहित प्रदेश के कई जिलों के स्कूलों आज भी नेटवर्क, लोकेशन, सर्वर तथा जीपीएस संबंधी समस्याओं के कारण समय पर विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों की भी उपस्थिति वीएसके ऐप में दर्ज नहीं हो पा रही है। ऐसे में विद्यालयों में संधारित शिक्षक उपस्थिति पंजी की अनदेखी कर केवल ऐप के आधार पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। स्कूल पहुंचने वालों का भी कटेगा वेतन कमलेश सिंह ने प्रश्न उठाया कि यदि प्रत्येक विद्यालय में शिक्षक प्रतिदिन समय पर उपस्थित होकर उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर रहे हैं, तो बिना उसके भौतिक सत्यापन के केवल तकनीकी रूप से त्रुटिपूर्ण ऐप को आधार बनाकर वेतन कटौती का आदेश किस प्रकार न्यायसंगत माना जा सकता है? इस संबंध में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने भी स्पष्ट कहा है कि शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के विरोधी नहीं हैं, लेकिन तकनीकी रूप से त्रुटिपूर्ण वीएसके ऐप के आधार पर शिक्षकों को आर्थिक दंड देना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। नाला-नदी पार कर पहुंच रहे स्कूल, नहीं है मोबाइल नेटवर्क सरगुजा के मैनपाट ब्लॉक में कई स्कूलों तक पहुंचने के लिए शिक्षकों को नाला, नदी पैदल पार करना पड़ रहा है। शिक्षक स्वयं स्कूल की किताबें ढोकर पैदल स्कूल पहुंच रहे हैं। इन गांवों में मोबाइल नेटवर्क भी नहीं है, ऐसे में शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने मांग की है कि पहले वीएसके ऐप की तकनीकी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण किया जाए, शिक्षक उपस्थिति पंजी का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरे प्रदेश में बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की जाए।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने कहा है कि यदि इस आदेश को वापस नहीं लिया जाता है तो एसोसिएशन शिक्षकों के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
Source link




