Uncategorized

रासायनिक खाद को कहा अलविदा! कोरिया के किसान बिशेषर घर पर बनाते हैं जैविक खाद, बचाते हैं लाखों

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुशहा बिरौरीडांड के किसान बिशेषर प्रसाद चेरवा (55) ने पारंपरिक और रासायनिक खेती को छोड़कर पूरी तरह से प्राकृतिक खेती का रुख किया है। इस नवाचार के माध्यम से उन्होंने प्रत्येक फसल की बंपर पैदावार हासिल की है। बिशेषर अपनी पांच एकड़ जमीन पर उन्नत तरीके से खेती कर रहे हैं, जिसकी सबसे बड़ी खासियत फसल चक्र अपनाना है, जिससे उनका खेत सालभर में कभी खाली नहीं रहता।

प्राकृतिक खेती में बिशेषर के इस नवाचार और अनुभव को देखते हुए, उन्हें प्राकृतिक खेती का जिला मास्टर ट्रेनर भी बनाया गया है। बिशेषर बताते हैं कि इस प्रयोग से रासायनिक खादों पर उनकी निर्भरता पूरी तरह खत्म हो गई है। वे अब बाजार से महंगी डीएपी या यूरिया नहीं खरीदते, बल्कि घर पर ही उच्च गुणवत्ता वाला जैविक खाद तैयार करते हैं।

यह जैविक खाद बेसन, गुड़, गोबर और गौमूत्र का उपयोग करके बनाया जाता है। बिशेषर ने जैविक खाद बनाने की विधि साझा करते हुए बताया कि 10 किलोग्राम गोबर में 10 लीटर गौमूत्र, 2 किलो बेसन और 2 किलो गुड़ को अच्छी तरह मिलाकर 10 दिन तक सड़ने के लिए रखा जाता है। इसके बाद इस तैयार खाद का फसल में तीन बार उपयोग किया जाता है।

फसलों को बीमारियों और कीटों से बचाने के लिए भी वे रासायनिक दवाओं का इस्तेमाल नहीं करते। इसके लिए वे गौमूत्र और नीम की पत्ती को उबालकर निमास्त्र नामक प्राकृतिक कीटनाशक तैयार करते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया के वैज्ञानिकों का भी दावा है कि इस निमास्त्र के छिड़काव से फसल की हर तरह की बीमारी दूर हो जाती है।

प्राकृतिक खेती को सुचारू रूप से चलाने के लिए बिशेषर ने अपने पास 25 गायें रखी हैं। इन गायों के गोबर और गौमूत्र का शत-प्रतिशत उपयोग वे अपनी खेती में कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपनी मुहिम के तहत वे आस-पास के अन्य किसानों को भी जैविक खेती करने के लिए स्वेच्छा से गोबर उपलब्ध कराते हैं। उनके इस काम में उनका बेटा और बहू भी हाथ बंटाते हैं, जिससे किसानी का काम आसान हो जाता है।

बिशेषर खेती में वैज्ञानिक पद्धतियों का भी बखूबी इस्तेमाल कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने प्राकृतिक खेती करते हुए दो एकड़ जमीन पर करहनी चावल लगाया था। धान की रोपाई वैज्ञानिक तरीके से कतार में की गई, जिसका परिणाम यह हुआ कि करहनी चावल की बंपर पैदावार हुई। धान की कटाई के बाद खेत खाली न रहे, इसलिए उन्होंने अभी से एक एकड़ में सरसों लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।

खेती की उन्नत तकनीक सीखने के लिए बिशेषर ने कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से ओडिशा के संबलपुर और नवागढ़ जाकर विशेष ट्रेनिंग ली है। वहां से सीखी गई प्राकृतिक खेती की बारीकियों को वे अब अपने जिले में लागू कर रहे हैं। मास्टर ट्रेनर होने के नाते वे वर्तमान में सोनहत क्षेत्र के तीन किसानों को भी प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग दे रहे हैं।

कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया के वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार अनंत और डॉ. सीखा सिंह के अनुसार, बेसन और गुड़ के मिश्रण से खेतों की मिट्टी में अच्छे और मित्र बैक्टीरिया पनपते हैं। ये बैक्टीरिया मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाते हैं और फसल के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से बेहतर उपज प्राप्त होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button