रायपुर में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी:बीज निगम MD के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी, तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया केस

![]()
छत्तीसगढ़ राज्य बीज और कृषि विकास निगम लिमिटेड में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने निगम के महाप्रबंधक विनोद कुमार वर्मा के हस्ताक्षर को स्कैन कर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किया। इसमें एक युवक को डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किए जाने का दावा किया गया था। मामले का खुलासा 29 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे हुआ। महाप्रबंधक के मोबाइल पर वॉट्सएप के जरिए नियुक्ति पत्र की फोटो भेजी गई थी। इसके बाद शेखर वर्मा ने फोन कर आदेश जारी होने की पुष्टि की। दस्तावेज देखने के बाद महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नियुक्ति आदेश उनके कार्यालय से जारी नहीं किया गया है। हेमंत साहू के नाम से बनाया नियुक्ति पत्र फर्जी नियुक्ति पत्र हेमंत साहू के नाम से तैयार किया गया था। इसमें उसका पता हांडापारा, कसडोल, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा दर्ज था। पत्र में दावा किया गया कि उसे 6 जुलाई 2026 से कसडोल कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किया गया है। महाप्रबंधक के मुताबिक, निगम ने पिछले दो वर्षों में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर भर्ती के लिए कोई आवेदन नहीं मंगाए हैं। वहीं, फर्जी पत्र में जिस कसडोल कार्यालय का उल्लेख किया गया है, वहां निगम का कोई कार्यालय संचालित नहीं है। नियुक्ति पत्र में पत्र क्रमांक और तारीख भी दर्ज नहीं थी। नौकरी के नाम पर रकम लेने की जांच पुलिस अब यह पता लगा रही है कि, फर्जी नियुक्ति पत्र किसने तैयार किया और इसे किस उद्देश्य से भेजा गया। आशंका है कि किसी व्यक्ति को सरकारी उपक्रम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम वसूलने का प्रयास किया गया हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। तेलीबांधा पुलिस ने शुरू की जांच महाप्रबंधक की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने 1 सितंबर की रात अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस वाट्सएप नंबर, कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के स्रोत की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link




