Uncategorized

कोरिया में पिकअप और ऑटो की भीषण टक्कर, 3 महिलाओं की मौत, 12 घायल

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पटना थाना क्षेत्र के सावारांवा के पास पिकअप और ऑटो की टक्कर में ऑटो सवार 3 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे की है।

जानकारी के मुताबिक छिंदिया गांव की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। शुक्रवार देर शाम वे ऑटो में सवार होकर लौट रही थीं। ऑटो में कुल 15 महिलाएं सवार थीं।

शाम करीब 8 बजे ऑटो सावारांवा के पास पहुंची, तभी बैकुंठपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर गईं।

हादसे में 3 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) शामिल हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर कर दिया गया है।

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पिकअप की तलाश की जा रही है। मार्ग में लगे सीसीटीवी के फुटेज की भी जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button