Uncategorized

धमतरी के लॉज में युवती की संदिग्ध मौत, बॉयफ्रेंड से जुड़ा मैसेज सामने आया

छत्तीसगढ़ के धमतरी के रुद्री रोड स्थित सीजी-05 लॉज एंड रेस्टोरेंट में एक युवती की संदिग्ध मौत हो गई। युवती 24 सितंबर से लॉज में ठहरी थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे उसे आखिरी बार देखा गया था। शनिवार सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से देखा गया तो वह बेसुध मिली।

जांच में युवती की पहचान कवर्धा के पिंकी मानिकपुरी (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय भी युवती के लिए सामान लेकर लॉज पहुंचा था। इसके बाद शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरावाजा नहीं खुला। स्टाफ ने खिड़की से अंदर देखा तो युवती बेसुध हालत में पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच की और युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रविवार को परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोलकर दोबारा जांच की गई। पुलिस को कमरे के अंदर दीवार पर लगा पंखा टूटा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि इसी पंखे में फंदा बनाए जाने की आशंका है। वहीं युवती के चेहरे पर हल्के खून के निशान भी मिलने की बात सामने आई है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस फिलहाल आत्महत्या की आशंका से जांच कर रही है। हालांकि, युवती की मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

इसी बीच जांच में पता चला कि युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने आई थी। युवती के मोबाइल में बॉयफ्रेंड का मैसेज भी सामने आया है, जिसमें उसने युवती की सहेली को मैसेज कर उससे बात कराने की बात कही थी। बॉयफ्रेंड ने युवती की फ्रेंड से बताया कि पिंका ने उसे हर जगह से ब्लॉक कर दिया है। इस मैसेज का स्क्रीनशॉट सामने आने की भी जानकारी है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती और युवक के बीच आखिरी बार कब बातचीत हुई थी और क्या दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पिता ने भी बेटी की मौत को लेकर संदेह जताया है।

पुलिस युवती के मोबाइल फोन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती धमतरी क्यों आई थी और लॉज में रहने के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में थी।

फिलहाल पुलिस लॉज के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, कमरे से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आत्महत्या के साथ-साथ पुलिस घटना की दूसरी संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

युवती की मौत के पीछे आखिर क्या वजह थी? उसने खुदकुशी की या कमरे के अंदर कुछ और हुआ था? इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button