शहरवासियों को मिलेगा हाईटेक बस स्टेण्ड की सुविधा,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वीकृत की 11.83 करोड़ रूपये,तीन साल में विकास की नई उंचाईयों पर पहुंचा शहर

जशपुरनगर (द ब्लेज ई न्यूज)। हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 11.83 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह शहर के मध्य स्थित आदर्श बस स्टैंड की जगह लेगा। नगर पालिका ने जशपुर-गुमला रोड पर बांकी नदी के पास तीन एकड़ जमीन चिह्नित की है। वित्तीय स्वीकृति के बाद पालिका ने निविदा जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार में आधुनिक बस टर्मिनल प्रस्तावित है। यहां एक साथ करीब 35 से 40 बसें खड़ी हो सकेंगी। इससे बसों के ठहराव और आवागमन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जिला मुख्यालय का बस स्टैंड सार्वजनिक परिवहन का प्रमुख केंद्र है। यहां से प्रतिदिन 100 से अधिक बसें चलती हैं। इनके जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए यात्री सफर करते हैं।

रोजाना पांच हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही होती है। आधुनिक सुविधाओं वाले बस स्टैंड की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। प्रस्तावित परिसर में यात्री प्रतीक्षालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, 40 दुकानों, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय की व्यवस्था होगी। बसों के आवागमन की जानकारी देने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन भी लगाई जाएगी। इन सुविधाओं से यात्रियों को बसों की जानकारी लेने और प्रतीक्षा के दौरान सहूलियत मिलेगी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी इसका लाभ होगा। जशपुरनगर में आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग इलाज, शिक्षा, खरीदारी और शासकीय कार्यों के लिए पहुंचते हैं। नए बस स्टैंड से शहरी और ग्रामीण यात्रियों को सुविधा मिलेगी। बसों के व्यवस्थित ठहराव और बेहतर प्रतीक्षा व्यवस्था से सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा और शहर में बढ़ती यात्री आवाजाही को संभालने में मदद मिलेगी। कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड बनाए जा रहे हैं।




