Uncategorized

गोमती साय बनीं गुजरात भाजपा की सह संगठन प्रभारी, पत्थलगांव में पत्रकारवार्ता में बोलीं- दोनों जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार

पत्थलगांव की विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने गुजरात में भाजपा के सह संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह राज्य है, इसलिए यहां संगठन सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिलना जशपुर जिले के कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए चुनौती के साथ सीखने का एक अवसर भी लेकर आई है।

गोमती साय पत्थलगांव स्थित अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रही थीं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में सह संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वे दोनों जिम्मेदारियों का निर्वाहन करने के लिए तैयार हैं।

विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सहयोग से बीते ढाई साल के दौरान पत्थलगांव में बुनियादी ढांचे के विकास का काम तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पत्थलगांव क्षेत्र में सड़क निर्माण का सबसे अधिक कार्य स्वीकृत हुआ है और क्षेत्र के विकास का यह सिलसिला जारी रहेगा।

पत्रकारवार्ता में पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक और एनिस्थिया विशेषज्ञ की पदस्थापना के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि इसके लिए वे शासन स्तर पर गंभीरता से प्रयास करेंगी।

प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह भाटिया, सुनील अग्रवाल, अनिल मित्तल, रामनिवास जिंदल, प्रदीप गुप्ता, शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, मधुसूदन अग्रवाल, प्रवीण गर्ग, विकास अग्रवाल, अवधेश गुप्ता, रूपसिंह राठिया, सुनील गर्ग, जीतू अग्रवाल, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष मोसम अग्रवाल, श्यामू शर्मा, कृश तिग्गा, अरूण यादवस, कैलाश यादव सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विधायक व उपाध्यक्ष गोमती साय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात का सह संगठन प्रभारी बनाए जाने से जिले के भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में उत्साह स्पष्ट दिखा। पत्रकारवार्ता के लिए पहुंची विधायक साय का कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button