Uncategorized

दुबई में महादेव ऐप प्रमोटरों से मिला था हिमांशु शेखर, ED का दावा- आपराधिक मामलों में मदद का वादा

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार हिमांशु शेखर का नाम अब तक जांच और कथित लेन-देन को लेकर चर्चा में रहा है। लेकिन उसकी पहचान सिर्फ इस मामले तक सीमित नहीं है। हिमांशु शेखर मुंबई में म्यूजिक इंडस्ट्री में भी सक्रिय रहा है और ओएसएम रिकॉर्ड (OSM Records) का को-फाउंडर है। इस म्यूजिक लेबल से बॉलीवुड और सोशल मीडिया की दुनिया के कई चर्चित चेहरे जुड़े रहे हैं। वहीं, उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी भी एक्ट्रेस, सिंगर और कंटेंट क्रिएटर हैं, जो ओएसएम रिकॉर्ड्स के कई म्यूजिक वीडियो में नजर आती हैं।

ओएसएम रिकॉर्ड्स की शुरुआत साल 2018 में हुई थी, जिसके संस्थापकों में हिमांशु शेखर और मनप्रीत कौर शामिल हैं। दोनों इससे पहले विप्रा डायलॉग्स नाम की कंटेंट क्रिएशन कंपनी के साथ काम कर चुके थे। म्यूजिक प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रखने के बाद, कंपनी की शुरुआत ‘साया’ नाम के गाने से हुई। इसके बाद इस लेबल ने हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी समेत अलग-अलग भाषाओं में गाने रिलीज किए। ओएसएम रिकॉर्ड्स के यूट्यूब चैनल पर सैकड़ों वीडियो मौजूद हैं और इसके करीब 11 लाख सब्सक्राइबर हैं।

ओएसएम रिकॉर्ड्स के म्यूजिक वीडियो में कई सेलिब्रिटी नजर आए हैं। चित्रांशी ध्यानी ने स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल, रैपर गौरव खुल्लर उर्फ खुल्लर-G और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान के साथ भी काम किया है। ‘चीटर’ गाने में चित्रांशी के साथ हर्ष गुजराल और खुल्लर-G दिखे हैं, जबकि ‘बिग लाइफ रिटर्न्स’ में चित्रांशी के साथ फुकरा इंसान यानी अभिषेक मल्हान नजर आते हैं। इसके अलावा, अभिनेता जितेंद्र कुमार, रेखा भारद्वाज और सलमान यूसुफ खान जैसे कलाकार भी ओएसएम रिकॉर्ड्स के वीडियो में काम कर चुके हैं। सिंगर मिलिंद गाबा भी इनके वीडियो में काम कर चुके हैं।

ओएसएम रिकॉर्ड्स के साथ हिमांशु शेखर का जुड़ाव सिर्फ को-फाउंडर तक सीमित नहीं था। वह म्यूजिक वीडियो के निर्माण और निर्देशन में भी सक्रिय था। सिंगर मिलिंद गाबा के गाने ‘जरा पास आओ’ के क्रेडिट में हिमांशु का नाम प्रोड्यूसर के तौर पर दर्ज है, वहीं अभिनेता जितेंद्र कुमार वाले म्यूजिक वीडियो के क्रेडिट में उसे डायरेक्टर और प्रोड्यूसर बताया गया है। हिमांशु का परिचय एक उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक के रूप में भी मिलता रहा है। ओएसएम रिकॉर्ड्स के अलावा वह Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है, जिसमें 31 मार्च 2025 तक उसकी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का राजस्व वर्ष 2022-23 में 52.66 लाख रुपए से बढ़कर वर्ष 2023-24 में 15.55 करोड़ रुपए हो गया, जिसे ईडी ने महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।

ईडी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक मामले में गिरफ्तार प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। महादेव सट्टा ऐप मामले में दर्ज ECIR की शुरुआत 6 अक्टूबर 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी। ईडी के आवेदन में सौरभ चंद्राकर के 15 नवंबर 2026 को दर्ज बयान का हवाला दिया गया है। सौरभ ने बताया कि अक्टूबर 2023 में मुंबई की क़ुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड में ईडी की तलाशी के दौरान वसीम कुरैशी ने हरषवर्धन नाम के व्यक्ति से मदद मांगी थी। इसके बाद हरषवर्धन ने महादेव बुक के मालिकों के साथ ‘सर’ की मुलाकात कराने की बात कही।

ईडी के आवेदन के अनुसार, हरषवर्धन ने हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को अक्टूबर 2023 में दुबई भेजा था। वहां दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और अधिवक्ता सुमित कोचर की मौजूदगी में मुलाकात हुई थी। सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया कि इस बैठक में हिमांशु ने महादेव बुक और उनसे जुड़े आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का वादा किया था। सौरभ के बयान के मुताबिक, हिमांशु ने अक्टूबर में उनकी मदद के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच भी कई किस्तों में रकम लेने का आरोप लगाया गया। सौरभ ने ईडी को बताया कि हिमांशु यह दावा करता था कि वह रकम भारत में बड़े अधिकारियों तक पहुंचाएगा। ईडी के आवेदन में सौरभ के हवाले से कहा गया है कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद दी गई थी, और कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई थी।

ईडी के आवेदन में सौरभ चंद्राकर के 18 नवंबर 2026 को दर्ज बयान का भी जिक्र है। इसमें सौरभ ने बताया कि Lotus365.com सट्टेबाजी साइट से जुड़े रहे बुकी गिरिश तलरेजा से उनका विवाद हो गया था। गिरिश तलरेजा के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन मिलने की जानकारी उन्होंने हिमांशु को दी थी। सौरभ के मुताबिक, भोपाल के एक होटल में गिरिश के ठहरने के दौरान हिमांशु ने उन्हें बताया कि आज उसकी गिरफ्तारी हो जाएगी। उसी दिन उन्हें ईडी द्वारा गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की जानकारी मिली। सौरभ ने इसे हिमांशु द्वारा उनके लिए किया गया सबसे महत्वपूर्ण काम बताया। ईडी के आवेदन में यह भी कहा गया है कि हिमांशु ने प्रमोटर्स को कुछ गोपनीय जानकारियां दी थीं, जिससे उनका भरोसा जीता जा सके।

ईडी के आवेदन के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को सौरभ के बयान में हिमांशु का नाम आने के बाद उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया गया था। 20 नवंबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने उसे उस समय पकड़ लिया, जब वह दुबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाला था। इसके बाद उसे मुंबई में सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। ईडी के अधिकारी उस समय रायपुर में थे। उन्होंने मुंबई पहुंचने के लिए पहली उपलब्ध फ्लाइट से यात्रा की और 21 नवंबर की रात करीब 1: 10 बजे हिमांशु को अपनी हिरासत में लिया। ईडी के मुताबिक, उसकी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए कुछ समय आराम करने दिया गया। अगली सुबह उसके Samsung Galaxy Z Fold फोन की जांच की गई और PMLA की धारा 50 के तहत बयान दर्ज किया गया। ईडी का कहना है कि हिमांशु ने दुबई में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की बात स्वीकार की, लेकिन रकम लेने के आरोपों से इनकार किया। उसने वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटर्स से 40 लाख रुपए बैंक खाते में मिलने की बात कही थी। ईडी के आवेदन में मोबाइल फोन से कुछ वीडियो, डिलीट किए गए व्हाट्सऐप संदेश और अन्य डिजिटल जानकारियां मिलने का भी जिक्र है। एजेंसी के अनुसार, दूसरे आईफोन का पासकोड मांगने पर हिमांशु ने गलत पासकोड डाले, जिसके बाद फोन ब्लॉक हो गया।

21 नवंबर 2026 को ईडी ने दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली। इनमें पंचशील पार्क स्थित उसका निवास और लाजपत नगर स्थित Yesya Media Pvt. Ltd. का ऑफिस शामिल था। ईडी के आवेदन के मुताबिक, उसके निवास से हाथ से लिखे कुछ नोट मिले। इनमें मुंबई, दिल्ली, हवाला, राजू भाई और वसीम जैसे नामों के साथ करोड़ों रुपए की रकम और भुगतान की तारीखें लिखी थीं। एक नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए जैसी रकम का जिक्र था। एक अन्य जगह हर महीने 60 करोड़ रुपए पांच महीने तक देने की बात लिखी गई थी। ईडी का दावा है कि ये नोट सौरभ चंद्राकर द्वारा बताए गए किस्तों में भुगतान और हवाला के जरिए रकम भेजने के तरीके से मेल खाते हैं। एजेंसी ने इन नोट्स के बारे में हिमांशु से पूछताछ की जरूरत बताई है।

हिमांशु को 21 नवंबर को मुंबई की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया था। ईडी ने उसे रायपुर लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगा, लेकिन मुंबई की विशेष अदालत ने आवेदन खारिज कर दिया और उसे 23 नवंबर को रायपुर स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया। इसके बाद ईडी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में आपराधिक पुनरीक्षण आवेदन दायर किया। 23 नवंबर को हाईकोर्ट ने ईडी की याचिका स्वीकार करते हुए विशेष अदालत का आदेश निरस्त कर दिया और हिमांशु को गिरफ्तार कर उचित न्यायालय में पेश करने का निर्देश दिया। ईडी के आवेदन के मुताबिक, हिमांशु 23 नवंबर को शाम 4: 25 बजे रायपुर कार्यालय पहुंचा। इसके बाद शाम 7: 40 बजे उसे PMLA की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया। अब ईडी ने विशेष अदालत से सात दिनों की हिरासत मांगी है। ईडी ने अदालत में दलील दी है कि हिमांशु से कथित रकम के स्रोत, हवाला के जरिए हुए लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सट्टेबाजी ऐप से उसके संबंधों के बारे में पूछताछ करनी है। एजेंसी ने यह भी कहा है कि उसे सह-आरोपियों और गवाहों के सामने बैठाकर पूछताछ करना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button