Uncategorized

भिलाई के जवाहर मार्केट में पारख ज्वेलर्स की दुकान में तड़के आग, कई लाख के नुकसान की आशंका

भिलाई के जवाहर मार्केट पावर हाउस स्थित पारख ज्वेलर्स के स्टोर में सोमवार तड़के करीब 3.21 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं और लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम मौके पर पहुंची तो आग दुकान के भीतर काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब एक टैंकर पानी का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित किया गया।

आग से स्टोर में रखा सामान जलने से कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जवाहर मार्केट की गलियां काफी सकरी होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम समय पर पहुंची और आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया। इससे मार्केट में बड़ी घटना होने से टल गई।

दमकल दल ने दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में आग बुझाने की कार्रवाई की। टीम में रामनाथ कुरे, जितेन्द्र वर्मा और हरीश शामिल थे। उनकी तत्परता से बड़ी जनहानि और बाजार में आग फैलने से बचाव हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button