डोंगरगढ़ पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर:11 से 19 अक्टूबर तक 24 घंटे तैनात रहेंगे 3 पेट्रोलिंग वाहन, दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक डायवर्ट

शारदीय नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर 3 पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। लाउडस्पीकर के जरिए श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जाएगी। रास्ते में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। नवरात्रि के दौरान दुर्ग शहर के गंजपारा और भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही के लिए ट्रैफिक डायवर्शन प्लान भी जारी किया गया है। दुर्ग शहर में रात के समय मध्यम और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह रहेगा डोंगरगढ़ पदयात्रा का निर्धारित रूट पैदल श्रद्धालुओं को कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ जाना होगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है। हाईवे पर पैदल चलते समय सर्विस लेन का इस्तेमाल करें और बाईपास पर पैदल चलने से बचें। सेंट्रल एवेन्यू जाने वाले वाहनों का होगा डायवर्शन भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की ओर आने वाले चारपहिया वाहनों को भी सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा। गंज मंडी के पीछे से निकलेंगे छोटे वाहन दुर्ग में गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात के समय पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा। पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा। इन इलाकों में रात में भारी वाहनों की नो-एंट्री पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्गों पर रात के समय मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्शन का पालन करने की अपील की है। पदयात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी निर्देश



