विधायक के पोस्टर फाड़े जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में विधायक ईश्वर साहू और भाजपा कार्यकर्ताओं के होर्डिंग पर लगे पोस्टर फाड़ने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में भाजपा कार्यकर्ता डोमेंद्र वर्मा ने साजा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, चोरभट्टी निवासी धनंजय वर्मा (24) ने मां शक्ति मंदिर के सामने लगे होर्डिंग को फाड़ा है। डोमेंद्र वर्मा का आरोप है कि धनंजय ने पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, और फिर अगले दिन होर्डिंग फाड़ दिया।
डोमेंद्र वर्मा ने बताया कि यह होर्डिंग 30 हजार रुपए खर्च कर दोबारा बनवाया गया था, क्योंकि पहले भी यह खराब हो चुका था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। साजा थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि होर्डिंग के फ्लेक्स फाड़ने की शिकायत मिली है।
थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच चल रही है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।




