Bilaspur Nursing Home Negligence | Surgical Thread Left During Delivery

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद डॉक्टर ने महिला के पेट में सर्जिकल धागा छोड़ दिया। इस मामले में पीड़ित परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गरेवाल से शिकायत की है।
.
मामला पेंडलवार नर्सिंग होम का है। पीड़ित परिवार की शिकायत को गंभीर मानते हुए सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने नर्सिंग होम प्रबंधन को नोटिस जारी किया है और गुरुवार तक प्रबंधन से जवाब मांगा है।

महिला को डिलीवरी के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में एडमिट किया गया था।
सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी
दरअसल, शहर से लगे ग्राम बिजौर (बहतराई) निवासी शक्ति लाल सूर्यवंशी ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को प्रसव के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।
सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी हुई। डिस्चार्ज होने के बाद से ही महिला को लगातार पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य परेशानियां होने लगीं।
अस्पताल ले जाने पर बताया सामान्य दर्द
परिवार का आरोप है कि रेखा सूर्यवंशी को दोबारा नर्सिंग होम ले जाने पर डॉक्टरों ने बिना किसी जांच के दर्द को सामान्य बताते हुए घर भेज दिया। उन्हें कहा गया कि कुछ दिनों में दर्द अपने आप ठीक हो जाएगा और चिंता की कोई बात नहीं है।

परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
अपोलो अस्पताल में जांच के दौरान हुआ खुलासा
रेखा सूर्यवंशी की तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिवार उसे अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां जांच के दौरान पेट के अंदर सर्जिकल धागा होने की जानकारी मिली। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन कर धागा बाहर निकाला। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
CMHO ने मांगा जवाब
सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि पीड़ित महिला के पति ने आवेदन में पेंडलवार नर्सिंग होम के संबंधित डॉक्टर, अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई, नर्सिंग होम का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।





