Uncategorized

बिलासपुर में 500 से ज्यादा सफाई मित्रों का सम्मान, 200 का आयुष्मान भारत में पंजीयन

बिलासपुर में 137 वर्ग किलोमीटर में फैले शहर की सफाई करने वाले 500 से ज्यादा सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम में नगर निगम ने आयोजित किया।

इस मौके पर सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए एक शिविर भी लगाया गया। उन्हें सुरक्षा उपकरण बांटे गए और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

नगर निगम के हेल्थ ऑफिसर प्रवेश कश्यप ने बताया कि कर्मचारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और ऋण जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों को मौके पर ही इनका लाभ भी मिला।

महापौर पूजा विधानी और सभापति विनोद सोनी ने सफाई मित्रों के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि ये लोग कड़ी धूप और बारिश में भी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि स्वच्छता एक जन आंदोलन है और इसमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। सभी के मिलकर प्रयास करने से बिलासपुर को और ज्यादा स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान में सफाई मित्रों की अहम भूमिका है। उनके स्वास्थ्य और उनके परिवार की खुशहाली को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, श्याम साहू, केशरी इंगोले, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप, पीआईयू अमित गोस्वामी, शरद पांडेय और साक्षी पहारे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

शिविर को सिर्फ सम्मान कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए कल्याण और सेवा शिविर के रूप में आयोजित किया गया। यहां अलग-अलग सहायता और पंजीयन काउंटर लगाए गए। इन काउंटरों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, पात्र लोगों की पहचान की गई और उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की गई।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य योजनाओं समेत अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी मार्गदर्शन भी दिया गया। इस दौरान 200 सफाई मित्रों का आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन किया गया।

सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 265 से ज्यादा सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

कार्यक्रम में सफाई मित्रों को केंद्र सरकार की नमस्ते (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) योजना की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक स्थिति को बेहतर करना है। साथ ही जोखिम वाले सफाई कार्यों में मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इस दौरान 45 सफाई मित्रों को नमस्ते योजना के कार्ड मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button