Uncategorized

दुर्ग में पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी पति पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था। यह मामला धमधा थाना क्षेत्र के अगर गांव का है।

जानकारी के अनुसार, अन्नू खांडे (24) जामुल थाना क्षेत्र के टेकापार गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी त्रिलोक खांडे (26) से वर्ष 2019 में हुई थी। दोनों की करीब 5 साल की एक बेटी भी है। अन्नू और त्रिलोक के बीच पिछले करीब 5 साल से लगातार विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था।

विवाद इतना बढ़ गया था कि करीब 6 महीने पहले अन्नू ने पति के खिलाफ जामुल थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। राजीनामा और शपथ पत्र के बाद दोनों के बीच मामला शांत हुआ और अन्नू वापस अपने ससुराल चली गई थी।

अन्नू कुछ दिन पहले ही मायके में तीज मनाने गई थी। तीज के बाद जब वह अपने ससुराल लौटी तो 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। विवाद के दौरान त्रिलोक ने खाट पर बैठी अन्नू खांडे के सिर पर हाथ-मुक्के से लगातार मारपीट की। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद हत्या की वारदात को छिपाने के लिए आरोपी पत्नी को बीमारी का बहाना बनाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिलने पर धमधा पुलिस मौके पर पहुंची। इसलिए पुलिस ने मामले की जानकारी एसडीएम को दी। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया। इस दौरान महिला के सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट में महिला की मौत सामान्य नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पति, परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पति त्रिलोक खांडे पर शक हुआ।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में त्रिलोक ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button