टॉप न्यूज़

उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, बादलों से ढंका मैनपाट:नदी में बहे युवक का शव 2 दिन बाद मिला,अगस्त में 5 दशक बाद इतनी बारिश




उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार मानसूनी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। 5 दशक बाद अगस्त में रिकार्ड बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही बारिश का आंकड़ा औसत से अधिक हो गया है। सरगुजा का मैनपाट तीन दिनों से बादलों से ढंका हुआ है और मौसम सुहाना बना हुआ है। मैनपाट में लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। सरगुजा में घुनघुट्टा नदी के रपटे में शनिवार रात बहे युवक का शव दो दिनों बाद मिला है। उत्तर छत्तीसगढ़ में जून और जुलाई में बलरामपुर को छोड़कर अन्य जिलों में औसत से काफी कम वर्षा हुई थी। अगस्त में मानसूनी मेहरबान हुआ और बारिश का आंकड़ा शत प्रतिशत को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 31 अगस्त तक अंबिकापुर में कुल 1229.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह औसत बारिश के आंकड़े से अधिक है। पांच दशक बाद अगस्त में इतनी बारिश इस साल अगस्त माह में बारिश का नया रिकार्ड बना है। अगस्त माह में कुल 658 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो साल 1969 के बाद अगस्त माह में सबसे अधिक बारिश है। मानसून की अवधि कुल 122 दिन यानी चार माह की होती है। मानसून के 92 दिन पूरे हुए हैं। सरगुजा में जून माह में 109.3 मिमी और जुलाई में 462 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जो औसत से काफी कम था। बादलों से घिरा मैनपाट, बारिश की फुहार छत्तीसगढ़ का शिमला कहा जाने वाला मैनपाट पिछले तीन दिनों से बादलों से घिरा है। यहां मानसूनी बारिश की फुहार लगातार गिर रही है। मैनपाट की यह खूबसूरती लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करती है। लोग बड़ी संख्या में मैनपाट पहुंच रहे हैं। बादलों से घिरे रहने और बारिश की फुहार के बीच मैनपाट में दृष्यता भी काफी कम है। मैनपाट में यह स्थिति ठंड में धूंध के कारण बनती है और मानसून में बादलों से ढंके होने के कारण। मैनपाट में इस वर्ष अगस्त में रिकार्ड बारिश हुई है। नाले में बहे युवक का शव दो दिनों बाद मिला सरगुजा के दरिमा में घुनघुट्टा नदी के पुलिया से बाइक सहित बहे युवक का शव दो दिनों बाद सोमवार शाम को मिला है। ग्राम बरढ़ोढ़ी के इंद्रपुर का निवासी मुन्ना रौशन (20) शनिवार की रात अपनी पल्सर बाइक से पोड़ी खुर्द जाने के लिए निकला था। वह पोड़ी के पास घुनघुट्टा नदी के पुलिया को पार करने के दौरान बाइक सहित बह गया था। युवक की बाइक और उसका मोबाइल दूसरे दिन पुलिया से कुछ दूर पड़ा मिला था। उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार देर शाम उसका शव करीब 3 किलोमीटर दूर पड़ा मिला है। युवक के शव का आज पोस्टमॉर्टम कराया गया। शनिवार को ही मैनपाट में घुनघुट्टा नदी का रपटा पार करने के दौरान केरल निवासी युवक, युवती बाइक सहित बह गए थे। रात को दरिमा क्षेत्र में घुनघुट्टा नदी का पानी पुलिया के उपर बह रहता था, जिसे पार करने की कोशिश में मुन्ना कौशल भी बह गया था। बलरामपुर जिले में झमाझम बारिश, कन्हर उफान पर बलरामपुर जिले में बीते तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, कनहर नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। बारिश की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की टीमें जिलेभर के नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रामानुजगंज में जलस्तर बढ़ने या किसी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल राहत और बचाव उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button