बांगो डैम में युवक लापता,48 घंटे बाद भी तलाश जारी:कोरबा में दोस्तों से शर्त लगाकर लगाई थी छलांग, NDRF टीम बुलाई गई

![]()
कोरबा के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में 48 घंटे पहले छलांग लगाने वाले रंजीत यादव (24) का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम सोमवार सुबह से फिर से सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन ने खोजबीन तेज करने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी बुलाया है। जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गोपालपुर निवासी रंजीत यादव अपने दोस्तों के साथ बांगो डैम घूमने आया था। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच बांध में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी थी। इसी दौरान रंजीत ने बांध में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद उसका तैरता हुआ लाइव वीडियो भी सामने आया था, लेकिन उसके बाद से वह लापता है। घटना के बाद से जिला नगर सेना, गोताखोर और स्थानीय प्रशासन लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। आधुनिक बोट से युवक की तलाश आधुनिक बोट के जरिए पूरे बांध क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है। युवक की तलाश तेज करने के लिए प्रशासन ने बांगो बांध का गेट नंबर 2 भी खोल दिया है। इधर, बांध में पानी की तेज आवक को देखते हुए अब तक कुल 9 गेट खोले जा चुके हैं। 9 गेट खोले गए सभी गेट मिलाकर 6 मीटर तक खोले गए हैं। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बांध से टरबाइन मिलाकर कुल 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इनमें गेटों से 32,080 क्यूसेक और जल विद्युत संयंत्र से 9,000 क्यूसेक पानी शामिल है। 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी उफान पर है। कोरिया और सूरजपुर में हुई भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर 94% तक पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी के तटीय गांवों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई है। हसदेव नदी उफान पर इसका असर कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में भी दिखा है। यहां हसदेव नदी का पानी कई घरों में घुस गया है। पानी बढ़ने से लोग अपना घर खाली कर सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। 8 से 10 घरों में पानी भरने से इलेक्ट्रॉनिक सामान और खाद्य सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा है।
Source link




