सुकमा में करंट लगने से ग्रामीण की मौत:घर के आंगन में सफाई करते समय सर्विस वायर की चपेट में आया

![]()
सुकमा। जिले के गादीरास स्थित राउतपारा में मंगलवार शाम घर के आंगन की सफाई कर रहे एक ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई। 32 वर्षीय जुल्फु यादव घर की सफाई के दौरान खंभे से घर तक आए सर्विस वायर की चपेट में आ गए। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ। घटना के समय घर पर जुल्फु अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे। जानकारी के मुताबिक, जुल्फु सुबह से घर के पीछे सफाई कर रहे थे। शाम को वे आंगन की सफाई करने लगे। इसी दौरान नीचे लटक रहे सर्विस वायर के संपर्क में आते ही उन्हें करंट लगा और वे मौके पर ही गिर पड़े। सफाई करते समय तार की चपेट में आए करीब आधे घंटे बाद जुल्फु की भतीजी ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा। उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें गादीरास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शाम करीब 5 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। नीचे लटक रहा था सर्विस वायर ग्रामीणों के अनुसार, खंभे से घर तक आने वाला सर्विस वायर काफी नीचे और असुरक्षित स्थिति में था। सफाई करते समय जुल्फु इसी तार के संपर्क में आ गए। ग्रामीणों ने बताया कि यदि बिजली लाइन को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाता तो इस तरह के हादसे से बचा जा सकता था। जुल्फु की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए बिजली विभाग से सर्विस वायर और घरेलू बिजली लाइनों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Source link




