सरगुजा में पति-पत्नी की हत्या,बेटा फरार:बंद कमरे में बोरे में मिले दोनों के शव, सिर पर गहरे घाव, बड़े बेटे पर शक

![]()
सरगुजा जिले के ग्राम सपड़ा में घर के अंदर पति-पत्नी की लाश मिली है। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की टांगी या फरसा से हमला कर हत्या की गई है। घटना के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा फरार है। पुलिस को उसी पर हत्या का शक है। बताया जा रहा है कि रात में पति-पत्नी अपने बड़े बेटे के साथ पुराने घर में सो रहे थे। सुबह दोनों के शव एक बंद कमरे में मिले। दोनों शवों को बोरे में बांधा गया था। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। यह मामला धौरपुर थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा में हीराधर यादव (55 वर्ष) अपनी पत्नी गुलाबी यादव (50 वर्ष) और बड़े बेटे जदू यादव (34 वर्ष) के साथ पुराने घर में रहते थे। उनका छोटा बेटा मोहन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही दूसरे घर में रहता है। सोमवार सुबह मोहन दूध लेने पुराने घर पहुंचा, लेकिन घर के दोनों दरवाजों पर सांकल लगी हुई थी। उसने आसपास अपने माता-पिता और बड़े भाई को तलाश किया, लेकिन वे कहीं नहीं मिले। इसी दौरान घर में काम करने वाला सुकृत नागेश भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर घर की सांकल खोली और अंदर खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। घर के एक कमरे में ताला लगा हुआ था। ताला तोड़ा तो बोरे में बंद मिला दंपती का शव परेशान होकर मोहन यादव और सुकृत नागेश ने बंद कमरे का ताला तोड़ा। अंदर फर्श पर खून फैला हुआ था और खून से सने दो बोरे पड़े थे। इसके बाद दोनों ने तुरंत इसकी जानकारी धौरपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस और एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी मौके पर पहुंचे। अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। टीम ने जब दोनों बोरों को खोला तो उसमें हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव बंधे मिले। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों के सिर पर फरसा या टांगी से हमला किए जाने के गहरे घाव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने से दोनों की मौत हुई। आशंका है कि हत्या के बाद शवों को छिपाने या ठिकाने लगाने के लिए बोरों में बंद किया गया था। बेटा फरार, उसी पर हत्या का शक घटना के बाद दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार है। आशंका है कि उसने ही अपने माता-पिता की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था। बाद में दोनों के शवों को कमरे में बंद कर वह फरार हो गया। मोहन यादव ने बताया कि जदूू यादव की शादी नहीं हुई है। वह लंबे समय से अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। मामूली घरेलू विवाद होते थे, लेकिन इतना अधिक विवाद नहीं था कि वह दोनों की हत्या कर दे। पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस जदू यादव की खोजबीन में जुटी है।
Source link




