Uncategorized

खड़कोना तीर्थस्थल पर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु, दिखा आध्यात्मिक एकता का संगम

जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड स्थित ऐतिहासिक खड़कोना (खाईड़कोना) तीर्थस्थल पर शुक्रवार 21 नवंबर को भारी बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को डिगा नहीं सकी। बारिश की परवाह किए बिना हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर पहुंचे, जहां श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। वार्षिक तीर्थयात्रा में छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, झारखंड, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल हुए।

समाचार फोटो

खड़कोना की यह धरती केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जशपुर अंचल में ईसाई विश्वास की ऐतिहासिक शुरुआत की साक्षी है। करीब 120 वर्ष पहले इसी स्थान पर अर्पित की गई पहली पवित्र मिस्सा की स्मृति आज भी हजारों लोगों को यहां खींच लाती है। श्रद्धालु यहां अपने पूर्वजों के विश्वास, संघर्ष, त्याग और आध्यात्मिक विरासत को नमन करने पहुंचते हैं।

जेसुइट मिशन के ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 1905-06 में जशपुर क्षेत्र में ईसाई मिशन कार्य की शुरुआत हुई थी। 14 जून 1906 को खड़कोना के ग्रामीणों ने फादर पीटर वान डर लिंडेन को गांव आने का आमंत्रण दिया था। इसके बाद 20 नवंबर 1906 को फादर पीटर वान डर लिंडेन और फादर जोसेफ ब्रेसर्स खड़कोना पहुंचे। उन्होंने गांव के बाहर पहाड़ी पर बनी एक छोटी झोपड़ी में रात बिताई और 21 नवंबर 1906 को उसी झोपड़ी के बरामदे में पहली बार पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। इस ऐतिहासिक घटना को जशपुर अंचल में कैथोलिक कलीसिया की शुरुआत का महत्वपूर्ण अध्याय माना जाता है।

समाचार फोटो

खड़कोना में स्थापित ऐतिहासिक स्मारक पर उन 56 शुरुआती विश्वासियों के नाम अंकित हैं, जिन्होंने वर्ष 1906 में बपतिस्मा संस्कार ग्रहण किया था। बपतिस्मा की ऐतिहासिक घटना के 100 वर्ष पूरे होने पर इस स्मारक का निर्माण किया गया था। श्रद्धालुओं के लिए यह स्मारक केवल पत्थर पर लिखे नाम नहीं, बल्कि उन पुरखों की आस्था और समर्पण की जीवंत पहचान है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने विश्वास की नींव रखी। खड़कोना के समीप स्थित साहेब कोना भी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है, जहां का झरना, गुफा और पहाड़ी क्षेत्र शुरुआती मिशनरियों तथा पुरखों के बपतिस्मा संस्कार की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं।

ईसाई समाज के संरक्षक डॉ. पीसी कुजूर ने इस अवसर पर कहा कि खड़कोना की यह पवित्र धरती हमारे पुरखों के विश्वास की गवाही देती है। उन्होंने बताया कि लगभग 120 वर्ष पहले जिन पुरखों ने यहां ईश्वर के वचन को सुना, बपतिस्मा ग्रहण किया और मसीह के मार्ग को अपनाया, आज हम उन्हीं की आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके अनुसार, यह स्थान हमारी आस्था और पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है।

समाचार फोटो

केंद्रीय काथलिक सभा के अध्यक्ष अभिनन्द खलखो ने अपने संबोधन में कहा कि हम यहां केवल तीर्थयात्रा करने नहीं आए हैं, बल्कि अपने पुरखों के विश्वास को याद करने, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी कलीसिया का इतिहास सौंपने आए हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन हमारी आध्यात्मिक विरासत को जीवित रखने के साथ समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

फादर मिलन ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि खड़कोना की यह तीर्थयात्रा सभी को अपने विश्वास में मजबूत होने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु प्रेम, सेवा, एकता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं।

समाचार फोटो

आयोजन के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभाल रहे जयन्त लकड़ा ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी जशपुर धर्मप्रांत के बिशप इमानुवेल केरकेट्टा की अगुवाई में विशेष प्रार्थना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसमें सैकड़ों फादर, धर्मबहनें और हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button