टॉप न्यूज़

शिवमहापुराण कथा स्थल पर 7 संदिग्ध महिलाएं पकड़ी गईं:एक दिन पहले श्रद्धालु हुए थे चेन स्नेचिंग का शिकार, पूछताछ के बाद हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई




भिलाई में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस 7 संदिग्ध महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान महिलाओं के एक समूह की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ के लिए थाने ले गई। फिलहाल पुलिस सभी महिलाओं से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिलाओं ने संतोषजनक जानकारी नहीं दी। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को देखते हुए पुलिस सभी 7 महिलाओं को भिलाई नगर थाने ले गई। इसके बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने महिलाओं की पहचान से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया भी पूरी की है। महिलाओं के खिलाफ किसी अपराध में केस दर्ज नहीं किया गया है। एक दिन पहले हुई थी चेन स्नेचिंग की घटना शिवमहापुराण कथा के आयोजन में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है। पुलिस की टीमें कथा पंडाल और आसपास के इलाकों में लगातार नजर रख रही हैं। शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले महिलाओं की भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी सामने आईं। कथा स्थल और कलश यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन पार करने की शिकायतें मिली हैं। पुलिस अब इन घटनाओं की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। रीवा और गोरखपुर की रहने वाली हैं महिलाएं कार्रवाई की गई 7 महिलाओं में 5 मध्य प्रदेश के रीवा जिले और 2 उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली हैं। इनमें रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37) ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा की निवासी बताई गई हैं। वहीं संगीता (25) और नैना (20) ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर की रहने वाली हैं। पुलिस ने किसी तरह की सामग्री जब्त नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई केवल सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई है और इसे किसी अपराध में गिरफ्तारी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button