सक्ती के दमाऊधारा में हादसा, भिलाई का युवक डूबा:5 दोस्तों के साथ घूमने आया था, SDRF ने अंधेरा होने पर रोका रेस्क्यू,नहीं मिला शव

![]()
सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार (28 जुलाई) को दर्दनाक हादसा हो गया। भिलाई से दोस्तों के साथ घूमने आए एक कॉलेज छात्र की गहरे पानी में डूबने से लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा। दोस्तों के साथ घूमने आया था छात्र जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी 23 वर्षीय प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों के साथ सक्ती जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आया था। बताया जा रहा है कि वह भिलाई स्थित खूबचंद बघेल कॉलेज का छात्र था। सोमवार को सभी दोस्तों ने रैनखोल पर्यटन स्थल का भ्रमण किया था और मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा पहुंचे। फिसला पैर, गहरे पानी में समा गया बताया जा रहा है कि दमाऊधारा पहुंचने के बाद चार युवक ऊंचाई पर चले गए, जबकि दो साथी नीचे ही रुके थे। लौटते समय अचानक प्रतीक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज गहराई और पानी के कारण वह देखते ही देखते डूब गया। घंटों चला रेस्क्यू, नहीं मिला सुराग घटना की सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जांजगीर से एसडीआरएफ की टीम बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटे तक पानी में तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह फिर शुरू होगा अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम फिर से युवक की तलाश शुरू करेगी। पर्यटन स्थलों पर बरतें सावधानी बरसात के मौसम में नदी, झरनों और जलप्रपातों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। प्रशासन पहले भी लोगों से गहरे पानी और खतरनाक स्थानों से दूर रहने की अपील कर चुका है। इसके बावजूद ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
Source link




