रायपुर में हरियाली तीज पर महिलाओं ने किया परफॉर्म:सावन उत्सव में महिलाएं हुईं शामिल, सामाजिक बदलाव पर भी हुई चर्चा

![]()
छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज केंद्रीय समिति की ओर से सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में सावन उत्सव और हरियाली तीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर महापौर मीनल चौबे और वरिष्ठ समाजसेवी रेखा संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। महिला प्रकोष्ठ की प्रांत अध्यक्ष डॉ. संध्या शिवेंद्र तिवारी ने अतिथियों को फूलों की माला और सेवंती की वेणी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में एकल नृत्य, युगल नृत्य, सामूहिक नृत्य और सावन हरियाली क्वीन प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताओं में जूनियर और सीनियर वर्ग रखे गए थे। 11 से 65 साल तक की बालिकाओं और महिलाओं ने इनमें हिस्सा लिया। एकल नृत्य में वैदेही शर्मा, रिद्धि, सिद्धि और वृद्धि शुक्ला सहित अन्य प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी। युगल और सामूहिक नृत्य में भी महिलाओं ने सावन के गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। तरुण शर्मा, एसके शर्मा और डॉ. विजय तिवारी ने गीत प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान सावन हरियाली तीज प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में इंद्राणी राजेश शर्मा विजेता रहीं। जूनियर वर्ग में शोभा शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. शुभ्रा मिश्रा, अंकिता तिवारी और दीपाली पांडे शामिल थीं। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की प्रस्तुतियों के साथ सावन गीतों पर नृत्य भी हुआ। महापौर मीनल चौबे और रेखा संतोष पांडेय ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी। सामाजिक बदलाव पर भी चर्चा कार्यक्रम में अपर कलेक्टर आभा तिवारी, अतिरिक्त एसपी चंचल तिवारी, निमिषा पांडे, फिल्म विकास निगम की सदस्य प्रसन्ना अवस्थी, समाज की संरक्षिका ममता शर्मा और पूर्व अध्यक्ष विजयलक्ष्मी शर्मा सहित अन्य लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा दुबे और अनुरिमा शर्मा ने किया। अध्यक्ष दिवाकर तिवारी ने मृत्यु भोज और रिंग सेरेमनी जैसी परंपराओं में बदलाव की जरूरत बताई। महिला अध्यक्ष डॉ. संध्या शिवेंद्र तिवारी ने प्री-वेडिंग और शादियों में होने वाले ज्यादा खर्च को कम करने की बात कही। कार्यक्रम में रायपुर, कवर्धा, दुर्ग, बेमेतरा, राजिम और नवापारा सहित प्रदेश के कई जिलों से समाज की महिलाएं शामिल हुईं।
Source link




