रायगढ़ में 200 फीट तिरंगे के साथ निकली यात्रा:स्कूली बच्चों-युवाओं में दिखा उत्साह, गूंजे भारत माता के जयकारे; वित्त-मंत्री ओपी चौधरी भी हुए शामिल

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी भी इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में शहर के युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में नजर आया। बारिश के बीच लोग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते रहे। इन नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। 200 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से शुरू होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिंदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची। रास्ते में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का उत्साह के साथ स्वागत किया। ओवरब्रिज से लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा में शामिल लोगों के लिए जूस का भी इंतजाम किया गया। यात्रा में स्कूली बच्चों का खास उत्साह देखने को मिला। बच्चे हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के संदेश वाली तख्तियां लेकर शामिल हुए। कुछ विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, रानी लक्ष्मीबाई और भगत सिंह का रूप भी धारण किया, जिससे यात्रा और आकर्षक नजर आई। बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में लोग उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। वीर शहीदों और राष्ट्रनायकों को किया नमन सिंदूर पार्क में हुए कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने देश की आजादी और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में बने स्मारक पर श्रद्धांजलि भी दी। इसके बाद उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तहत लगाई गई प्रदर्शनी देखी। उन्होंने हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ देश के सामने नई चुनौतियां भी हैं। ऐसे में हर नागरिक और खासकर युवाओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। ओपी चौधरी ने युवाओं से आगे आकर देश के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा खुद को मजबूत बनाएं और राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। हम सभी मिलकर भारत को और मजबूत और सशक्त बनाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां इस दौरान स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कथक समेत कई सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम पेश किए। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति, देशप्रेम और ‘अनेकता में एकता’ का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में डूब गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कथक समेत अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के तौर पर 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
Source link




