रायगढ़ निगम में जलकर वसूली में फर्जीवाड़े का आरोप:कहा- EWS हितग्राहियों से 60 की जगह 200 रुपए लिए, जांच कर कार्रवाई की मांग

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में जलकर और टैक्स वसूली को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस पार्षद दल और पूर्व सभापति ने पत्रकार वार्ता कर दावा किया कि, नगर निगम ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से नियमों के विपरीत अतिरिक्त जलकर वसूला है। मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया है। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पार्षद जयंत ठेठवार, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित अन्य पार्षदों ने कहा कि नगर निगम के ऑनलाइन रिकॉर्ड में करीब 11,005 मकान दर्ज हैं। इनमें EWS, अटल आवास, अंबेडकर आवास और भागीरथी नल-जल योजना के हितग्राही शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शासन के 12 फरवरी 2011 के आदेश और 27 मार्च 2018 को नगर निगम परिषद के निर्णय के अनुसार इन हितग्राहियों से केवल 60 रुपए प्रतिमाह जलकर लिया जाना चाहिए, जबकि संपत्ति कर से भी उन्हें छूट है। इसके बावजूद निगम द्वारा 200 रुपए प्रतिमाह जलकर वसूला जा रहा है। 24 वार्डों के 860 परिवारों से अतिरिक्त वसूली का दावा कांग्रेस नेताओं का दावा है कि नगर निगम के 48 वार्डों में से कम से कम 24 वार्डों के 860 परिवारों से अतिरिक्त जलकर वसूला गया है। इनमें 83 निजी EWS मकानों के परिवार और 777 हाउसिंग कॉलोनियों के परिवार शामिल हैं। कांग्रेस ने आशंका जताई कि भविष्य में करीब 3,005 परिवारों से भी इसी तरह अतिरिक्त राशि वसूली जा सकती है। 10 दिन में जांच और राशि समायोजन की मांग कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही हितग्राहियों से नियम विरुद्ध वसूली गई अतिरिक्त राशि को उनके कर खाते में समायोजित किया जाए और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और एफआईआर की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं होती है, तो नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन भी करेगी।
Source link




