महिला से बीमारी फैलने के डर से गांव से निकाला:गरियाबंद में पति-बेटे ने खेत में झोपड़ी बनाकर छोड़ा,जनप्रतिनिधि ने इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया

![]()
गरियाबंद जिले के धीगियामुडा गांव में 48 वर्षीय हीरा बाई नेताम को कथित छूत की बीमारी मानकर परिवार ने गांव से आधा किलोमीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में रहने के लिए छोड़ दिया। कई दिनों तक अकेले रहने वाली महिला का मामला सामने आने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया। 20 साल से बीमारी से जूझ रही महिला परिजनों के अनुसार, हीरा बाई पिछले करीब 20 वर्षों से पैरों में सूजन और हाथों में घाव की समस्या से पीड़ित हैं। परिवार ने लंबे समय तक इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिली। पिछले एक साल से इलाज बंद होने के बाद बीमारी बढ़ गई और हाथ-पैरों में फोड़े हो गए। गांव वालों के दबाव में खेत की झोपड़ी में छोड़ा महिला के पति नरसिंह नेताम ने बताया कि गांव के लोगों ने बीमारी को छूत का रोग बताकर परिवार पर दबाव बनाया। इसके बाद 2 जुलाई को महिला को गांव से बाहर खेत में बनी झोपड़ी में रहने के लिए छोड़ दिया गया। परिवार केवल खाना पहुंचाकर लौट जाता था। सोशल मीडिया से मिली सूचना, अस्पताल पहुंचाया मामले की जानकारी इंस्टाग्राम के जरिए मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को झोपड़ी से निकालकर देवभोग अस्पताल भेजा, जहां उसका शुरुआती इलाज शुरू किया गया। गैंगरीन के लक्षण, बेहतर इलाज के लिए होगी रेफर देवभोग के बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि जांच में महिला में गैंगरीन जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती इलाज के बाद जरूरत पड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाएगा। जिला प्रशासन ने महिला के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।
Source link




