दुर्ग की अटल आरोग्य लैब में टेक्नीशियन ने बनाई रील:लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल के साथ शूट किया रील, सिविल सर्जन ने लिया संज्ञान; प्रभारी से मांगा जवाब

![]()
जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार वजह किसी मरीज की जांच रिपोर्ट नहीं, बल्कि लैब के अंदर काम कर रहे महिला तकनीशियन की बनाई रील है। लैब में काम के दौरान बनाई गई रील का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। मामले में अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि रील कब और किस परिस्थिति में बनाई गई। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो बनाने के दौरान तकनीशियन अपनी ड्यूटी पर था या नहीं और लैब के काम पर इसका कोई असर पड़ा या नहीं। मरीजों के सैंपल के बीच रील, अब जवाब-तलब
अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का अहम हिस्सा है। यहां अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लिए जाते हैं और उनकी जांच रिपोर्ट तैयार की जाती है। इस लैब में करीब 134 तरह की जांच निशुल्क होने की जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से दी गई है। लैब का संचालन एचएलएल कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है। ऐसे में मरीजों की जांच और रिपोर्ट तैयार करने वाली जगह पर कर्मचारी के रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद काम के प्रति गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग अब यह भी देख रहा है कि वीडियो बनाने के लिए लैब के किस हिस्से का इस्तेमाल किया गया और क्या वहां मरीजों के सैंपल या जांच से जुड़ी कोई जानकारी दिखाई दे रही है। कुछ दिन पहले एचआईवी रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद
कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव बताई गई थी। युवक ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई तो दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई। मामले के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से पूरी जानकारी मांगी और जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का सही तरीके से परीक्षण और कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए थे। अब रील ने फिर खड़े किए सवाल
एक तरफ लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर पहले ही सवाल उठ चुके हैं और दूसरी तरफ अब कर्मचारी की रील सामने आने से व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब या कार्यस्थल पर इस तरह वीडियो बनाना ड्यूटी के प्रति लापरवाही है। मामला संज्ञान में आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link




