कोरबा में नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती:25 छात्रों पर कार्रवाई,अभिभावकों को भी चेतावनी दी,विशेष अभियान में स्कूलों के आसपास जांच

![]()
कोरबा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 नाबालिग स्कूली छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही उनके परिजनों को मौके पर बुलाकर भविष्य में नाबालिगों को वाहन नहीं देने की सख्त चेतावनी दी गई। पहले स्कूलों में किया था जागरूकता अभियान पुलिस ने कुछ दिन पहले जिले के विभिन्न स्कूलों में यातायात जागरूकता अभियान चलाया था। इस दौरान छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने बताया था कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद कई स्थानों पर नाबालिग छात्र-छात्राएं वाहन चलाते मिले। स्कूलों और मुख्य मार्गों पर हुई जांच स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को स्कूलों के आसपास, प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वाहन चला रहे 25 नाबालिग छात्र-छात्राओं को रोका गया। पुलिस ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच की और नियमों के अनुसार चालान की कार्रवाई की। परिजनों को बुलाकर दी सख्त हिदायत कार्रवाई के दौरान पकड़े गए नाबालिगों के अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि कम उम्र में बच्चों को वाहन देना कानून का उल्लंघन होने के साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी खतरा है। परिजनों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा नाबालिग वाहन चलाते मिले, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वाहन जब्त किया जा सकता है। बच्चों की सुरक्षा है अभियान का उद्देश्य एडिशनल एसपी लखन पटले ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि बच्चों की जान बचाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी स्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। आगे भी जारी रहेगा अभियान एडिशनल एसपी ने बताया कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link




