सांप को गले में डालकर नाचने वाला अस्पताल में भर्ती:डसने के बाद बिगड़ी तबीयत,ASV देकर डॉक्टर कर रहे निगरानी,मस्ती का वीडियो हुआ था वायरल

![]()
गौरेला के भदौरा गांव में जहरीले सांप को गले में डालकर नाचने और मस्ती करने का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए संतराम भैना की तबीयत दोबारा बिगड़ गई है। हालत गंभीर होने पर उन्हें फिर से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उन्हें एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की खुराक दी जा रही है। पड़ोसी के घर घुसा था सांप संतराम ने बताया कि वह पड़ोसी के घर गए थे, जहां एक सांप घुस गया था। उन्होंने सांप को पकड़ लिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने सांप को छेड़ा, जिसके बाद सांप ने उन्हें डस लिया। संतराम ने स्वीकार किया कि घटना के समय वह शराब के नशे में थे और इसी हालत में उन्होंने सांप के साथ जोखिम उठाया। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें सबक मिला है और अब वह शराब छोड़ने का संकल्प ले चुके हैं। पहली बार अकेले अस्पताल से चले गए थे सांप के डसने के बाद संतराम को पहली बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि उस समय वह अकेले थे और इलाज के दौरान उन्हें पानी पीने से मना किया गया था। तेज प्यास लगने के कारण वह अस्पताल से निकलकर अपने घर चले गए। बाद में जब उनकी तबीयत फिर बिगड़ी तो परिजन और ग्रामीण उन्हें दोबारा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हाथ में सूजन, दो दिन रहेगी निगरानी इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक संतराम को एएसवी दिया जा रहा है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल उनके हाथ में सूजन है। डॉक्टरों का कहना है कि सूजन कम होने तक उन्हें अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज किया जाएगा। अगले दो दिनों तक उनकी स्थिति पर विशेष नजर रखी जाएगी। संतराम का जहरीले सांप को गले में डालकर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब सांप के डसने के बाद दोबारा अस्पताल में भर्ती होने से यह मामला फिर चर्चा में है। संतराम ने लोगों से ऐसी जोखिम भरी हरकत न करने की अपील करते हुए खुद भी भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने की बात कही है।
Source link




