भाटापारा स्टेशन पर टिकट चेकिंग का बड़ा अभियान:8 ट्रेनों में जांच के दौरान बिना टिकट वाले 212 यात्रियों पर कार्रवाई, रेलवे ने वसूले ₹1.54 लाख

![]()
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने भाटापारा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को किलाबंदी (फोर्ट्रेस) टिकट चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 8 ट्रेनों में हुई सघन जांच के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करने वाले 212 यात्रियों पर कार्रवाई की गई। अभियान से रेलवे को 1 लाख 53 हजार 765 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे के अनुसार, जांच में 110 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले, जिनसे 98,665 रुपए वसूले गए। वहीं 66 यात्रियों से अनियमित टिकट पर यात्रा करने के कारण 51,500 रुपए और 36 यात्रियों से अतिरिक्त सामान ले जाने पर 3,600 रुपए जुर्माना वसूला गया। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। इसकी निगरानी सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद ने की। अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक ए. जेना, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) अविजित डे, 12 टिकट चेकिंग कर्मचारी और 4 आरपीएफ जवान शामिल रहे। यात्रियों से रेलवे की अपील रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले वैध टिकट और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने की अपील की है। साथ ही रेल परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने को कहा है। रेलवे ने बताया कि गंदगी फैलाने पर 1,000 से 5,000 रुपए तक जुर्माना या 6 महीने तक की सजा का प्रावधान है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Source link




