टॉप न्यूज़

कांग्रेस ने किया डीईओ कार्यालय का घेराव:155 शिक्षक भर्ती रद्द करने और घटिया साइकिल वितरण के विरोध में प्रदर्शन




शिक्षा विभाग में 155 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया रद्द किए जाने और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को कथित तौर पर घटिया गुणवत्ता की साइकिलें बांटे जाने के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जैसे ही डीईओ कार्यालय की ओर बढ़े, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक साइकिल भी मौके पर रखी और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। ’34 हजार युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया’ प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने 155 पदों पर भर्ती निकाली थी। इसके लिए 34 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। आवेदन के बाद स्क्रूटनी और मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी, लेकिन सरकार ने अचानक भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर हजारों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री के हस्तक्षेप के बाद भर्ती रोक दी गई, जिससे अभ्यर्थियों के साथ-साथ विद्यार्थियों का भी नुकसान हुआ है। ‘स्वामी आत्मानंद स्कूलों की व्यवस्था बिगड़ी’ मेनन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का मॉडल बन गए थे। बेहतर पढ़ाई के कारण बड़ी संख्या में अभिभावकों ने निजी स्कूलों से बच्चों का नाम कटवाकर इन स्कूलों में प्रवेश दिलाया था। कई विद्यार्थी मेरिट सूची में भी जगह बनाने लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद इन स्कूलों की लगातार उपेक्षा की गई। बिजली बिल, साफ-सफाई, शिक्षकों की कमी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर पहले भी कांग्रेस आंदोलन कर चुकी है। ‘DBT बंद कर घटिया साइकिलें बांटी जा रहीं’ कांग्रेस ने सरस्वती साइकिल योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। मेनन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय छात्राओं के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए 4050 रुपए दिए जाते थे, जिससे वे अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार अच्छी गुणवत्ता की साइकिल खरीद सकती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने यह व्यवस्था खत्म कर केंद्रीकृत खरीद शुरू की, जिसके कारण विद्यार्थियों को खराब गुणवत्ता की साइकिलें मिल रही हैं। कांग्रेस का दावा है कि इन साइकिलों के पैडल, स्टैंड, टायर, ट्यूब और अन्य हिस्सों की गुणवत्ता बेहद खराब है। सरकार से की ये मांग कांग्रेस ने मांग की है कि 155 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तत्काल फिर से शुरू की जाए, स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के रिक्त पद जल्द भरे जाएं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण साइकिल उपलब्ध कराई जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, मदन तलेड़ा, जसबीर ढिल्लन, देवेंद्र यादव, सुशांत डे, सुंदर जोगी सहित शहर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button