कटघोरा में गणेश शोभायात्रा में आरक्षक से मारपीट, वर्दी फाड़ी:गले और छाती में आई चोटें; पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपी का निकाला पैदल जुलूस

![]()
कोरबा के कटघोरा में गणेश शोभायात्रा के दौरान पुलिस आरक्षक से मारपीट और उसकी वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में एक युवक सड़क पर हुड़दंग कर रहा था। आरक्षक ने उसे सड़क किनारे जाने के लिए कहा तो युवक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। इस दौरान आरक्षक की वर्दी फट गई और नेम प्लेट व टोपी भी निकालकर फेंक दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पैदल जुलूस निकाला और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। शोभायात्रा के दौरान सड़क पर कर रहे थे हुड़दंग जानकारी के मुताबिक, दर्री थाने में पदस्थ आरक्षक रवि गुप्ता की ड्यूटी मंगलवार रात कटघोरा में गणेश शोभायात्रा की सुरक्षा में लगाई गई थी। 8 सितंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे शोभायात्रा बिलासपुर चौक, वार्ड नंबर-3 अंबेडकर नगर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वार्ड नंबर-3 के सूर्यप्रकाश उर्फ पद्दूम पाटिल और उसका साथी बृज पाटिल नशे में सड़क के बीच हुड़दंग कर रहे थे। सड़क से हटने के लिए कहा तो भड़के आरक्षक रवि गुप्ता ने दोनों युवकों को सड़क से हटकर किनारे खड़े होने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर दोनों युवक नाराज हो गए और आरक्षक को गालियां देने लगे। मना करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर आरक्षक से कहा, ‘बाप का रोड है क्या’ और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों से आरक्षक के साथ मारपीट की गई। वर्दी फाड़ी, टोपी और नेम प्लेट भी नोंची मारपीट के दौरान आरक्षक की वर्दी फट गई। आरोपियों ने वर्दी का बटन तोड़ दिया और उसकी टोपी व नेम प्लेट भी नोंचकर फेंक दी। मारपीट में आरक्षक के गले और छाती में चोट आई है। घटना के बाद आरक्षक ने कटघोरा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी। आरोपी गिरफ्तार, निकाला पैदल जुलूस कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि गणेश शोभायात्रा के दौरान एक युवक हुड़दंग कर रहा था। मामले में आरोपी सूर्यप्रकाश उर्फ पद्दूम पाटिल के खिलाफ धारा 296, 351(3), 121, 221 और 132 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पैदल जुलूस निकाला। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Source link




