एलायंस एयर ने पांच माह में बंद की कोलकाता फ्लाइट:बुकिंग साइट से भी हटाया, यात्रियों की कमी के कारण हो रहा था घाटा

![]()
एलांयस एयर ने पांच माह में ही बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता की फ्लाइट सेवा बंद कर दी है। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन चल रही थी। यात्रियों की कमी के कारण लगातार घाटा होने के कारण सेवा को बंद किया गया है। एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता की सेवाएं एक साथ शुरू की थी। इसमें दिल्ली फ्लाइट का रिस्पांस अच्छा है। कोलकाता फ्लाइट के लिए बिलासपुर और अंबिकापुर से पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे थे। यह सेवा राज्य सरकार की पहल पर शुरू की गई थी। सरगुजा के दरिमा एयरपोर्ट से उड़ान योजना के तहत शुरू की गई फ्लाईबिग की उड़ान सेवा के छह माह में बंद हो जाने के बाद राज्य सरकार की पहल पर एलायंस एयर ने 30 मार्च को दिल्ली एवं 1 अप्रैल से कोलकाता की फ्लाइट सेवा शुरू की थी। एलायंस एयर को कुछ राशि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही थी। पांच माह में बंद करनी पड़ी कोलकाता की उड़ान एलायंस एयर को फ्लाइट शुरू होने के बाद दिल्ली के लिए तो पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं, लेकिन कोलकाता के लिए यात्रियों की संख्या काफी कम थी। सप्ताह में दो दिन संचालित फ्लाइट में दरिमा से करीब करीब 20 से 25 यात्री ही प्रति सप्ताह सफर कर रहे थे। कई दिन तो सिर्फ दो या तीन यात्री ही चढ़े या उतरे थे। एलायंस एयर ने लगातार घाटे और सेवा के प्रति लोगों के कम रूझान को देखते हुए बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता और कोलकाता-अंबिकापुर-बिलासपुर सेवा को बंद कर दिया गया है। एलांयस एयर ने कोलकाता फ्लाइट की बुकिंग भी अपनी वेबसाइट पर बंद कर दी है। एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में फ्लाइट बंद कर दी गई है। दिल्ली सेवा का रूझान अच्छा एयर लाइंस द्वारा सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं बुधवार को बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली के लिए नियमित फ्लाइट का नियमित संचालन किया जा रहा है। सोमवार को दिल्ली की फ्लाइट बिलासपुर से होकर अम्बिकापुर पहुंचती हैए जबकि बुधवार को सीधे दिल्ली से अंबिकापुर पहुंचती है तथा अम्बिकापुर से बिलासपुर होकर दिल्ली रवाना होती है। दिल्ली की फ्लाइट में नियमित अम्बिकापुर से 30-35 यात्री सफर कर रहे हैं। फ्लाइट भी निर्धारित समय से चल रही है। वाराणसी सहित अन्य रूट पर फ्लाइट सेवा शुरू करने की कोशिश सरगुजा को अन्य शहरों से हवाई सेवा से जोड़ने के लिए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने पहल की है। रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी हवाई सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो और एलायंस एयर से चर्चा की जा रही है। प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हर दिन बनारस का सफर करते हैं। मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी के साथ पटना और विशाखापट्टनम के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है।
Source link




