एक स्कूल में 3 प्रधान पाठक पदस्थ:दुर्ग के कैलाश नगर में ट्रांसफर आदेश में तीनों को एक ही स्कूल भेजा,31 पद अब भी खाली

![]()
दुर्ग। जिले के सरकारी स्कूलों में स्थानांतरण के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कैलाश नगर स्थित प्राथमिक शाला में एक साथ तीन प्रधान पाठकों की पदस्थापना कर दी गई। तीनों अपने-अपने स्थानांतरण आदेश लेकर स्कूल पहुंचे तो स्थिति सामने आई। विभाग ने एक प्रधान पाठक को पदभार ग्रहण कराया, जबकि दो अन्य को दूसरे स्कूलों में समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी। 1 ही पद के लिए 3 प्रधान पाठकों के नाम आदेश जारी स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 6 अगस्त 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश में आभा नामदेव को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्राथमिक शाला कृतबांस से कैलाश नगर भेजा गया था। इसी आदेश में धमधा विकासखंड के प्राथमिक शाला गाड़ाघाट के प्रधान पाठक प्रशांत देवांगन और दुर्ग जिले के प्राथमिक शाला खाड़ा की प्रधान पाठक यशोदा राजपूत का भी कैलाश नगर में तबादला किया गया। तीनों पहुंचे तो खुला मामला तीनों प्रधान पाठक आदेश लेकर कैलाश नगर स्कूल पहुंचे। वहां पता चला कि एक ही पद पर तीन लोगों की पदस्थापना हो गई है। इसके बाद विभाग ने पहले पदभार ग्रहण करने वाले प्रधान पाठक को वहीं रखने का निर्णय लिया और शेष दोनों के लिए जिले के दूसरे स्कूलों में रिक्त पद तलाशे गए। यह स्थिति इसलिए भी सवाल खड़े करती है क्योंकि दुर्ग जिले में प्रधान पाठकों के कई पद पहले से खाली हैं। डीईओ जगजीत सिंह धीर के मुताबिक, जिले में पहले 35 पद रिक्त थे। स्थानांतरण के बाद चार प्रधान पाठक जिले में आए हैं और फिलहाल करीब 31 पद खाली हैं। ‘चूक कैसे हुई, नहीं जानता’ डीईओ जगजीत सिंह धीर ने बताया कि कैलाश नगर में शासन स्तर से तीन प्रधान पाठकों की नियुक्ति हुई थी। एक को वहीं ज्वाइन कराया गया है, जबकि दो अन्य को जिले के रिक्त पदों वाले स्कूलों में कार्य करने की अनुमति दी गई है। संबंधित पदस्थापना के लिए संशोधित प्रस्ताव डीपीआई कार्यालय भेजा गया है। हालांकि, एक ही स्कूल में तीन प्रधान पाठकों की पदस्थापना कैसे हुई, इस सवाल पर डीईओ ने कहा कि यह प्रशासनिक चूक कैसे हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पदोन्नति से भी भरेंगे रिक्त पद विभाग के अनुसार जिले में प्रधान पाठकों के खाली पदों को पदोन्नति के जरिए भरने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है। डीईओ ने बताया कि इसी महीने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है और उच्च कार्यालय के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल विभाग कैलाश नगर की स्थिति को समायोजन के जरिए संभाल रहा है। लेकिन 31 पद खाली होने के बावजूद एक ही स्कूल में तीन प्रधान पाठकों की पदस्थापना ने ट्रांसफर-पोस्टिंग से पहले स्कूलवार स्वीकृत पद, रिक्तियों और वास्तविक जरूरत के मिलान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link




