टॉप न्यूज़

इमरान प्रतापगढ़ी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की:बिलासपुर में बोले- 10 सालों में 89 पेपर लीक और 21 छात्रों ने की आत्महत्या




कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बिलासपुर में छात्रों से संवाद करते हुए नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की। प्रतापगढ़ी ने कहा कि पिछले 10 सालों में 89 पेपर लीक हुए और 21 छात्रों ने आत्महत्या की। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षा मंत्री को हटाने के बजाय उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को छात्रों से मिलकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और उन्हें न्याय देना चाहिए। उनका आरोप है कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। राहुल गांधी संसद में उठाएंगे मुद्दा इमरान प्रतापगढ़ी ने बताया कि ‘गूंज’ कार्यक्रम के दौरान छात्रों से मिले सुझाव और समस्याओं को कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में उठाएंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की है। 40 दिन, 28 शहरों में चलेगा अभियान सांसद ने बताया कि यह अभियान 40 दिनों तक देश के 28 शहरों में चलेगा। इस दौरान छात्र, प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थी, कोचिंग संस्थानों से जुड़े युवा और शिक्षा क्षेत्र के लोगों से बातचीत की जाएगी। ‘पेपर लीक युवाओं के सपनों की हत्या’ इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पेपर लीक सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। ‘बड़े लोगों की भी जांच हो’ उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनके पीछे कौन लोग हैं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि सिर्फ छोटे लोगों को पकड़कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। ‘परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी’ सांसद ने कहा कि परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होगा तो छात्रों का भरोसा कमजोर होता जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। ‘सड़क से संसद तक उठाएंगे आवाज’ प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज पूरे देश में उठाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाता रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन छात्रों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना जरूरी है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button